101 ग्राम चिट्टे सहित पंजाब के तीन नशा तस्कर गिरफ्तार, बिलासपुर के धराड़सानी में पुलिस ने पकड़े शातिर

By: Jun 25th, 2026 9:57 pm

निजी संवाददाता — भगेड़

नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्टेट टास्क फोर्स सेंट्रल रेंज मंडी की टीम ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर धराड़सानी में नाकेबंदी के दौरान पंजाब नंबर की एक गाड़ी से गत बुधवार देर रात 101 ग्राम चिट्टा बरामद करने में सफलता हासिल की है। इस मामले में गाड़ी में सवार पंजाब के रहने वाले तीन शातिर नशा तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। एसटीएफ कुल्लू के पुलिस उपाधीक्षक हेमराज वर्मा को पंजाब की तरफ से भारी मात्रा में नशीले पदार्थों की खेप आने की पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी। इस दौरान पंजाब से आ रही एक गाड़ी नंबर पीबी 03बीजे 1944 को टीम ने जांच के लिए रोका। जब टीम ने गाड़ी की बारीकी से तलाशी ली, तो डैशबोर्ड से 101 ग्राम चिट्टा बरामद किया।

आरोपियों की पहचान जगवीर सिंह निवासी बुकनवाला जिला मोगा, हरप्रीत सिंह लहरियों का मोहल्ला, जसविंद्र सिंह निवासी पत्ती मोहब्बत की जिला मोगा पंजाब के रूप में हुई है। एसटीएफ की टीम ने तीनों आरोपियों को आगामी कार्रवाई के लिए झंडूता पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस थाना झंडूता में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App