डड्डूमाजरा में तीन दुकानें राख, तोगा रोड पर कबाड़ी मार्केट में शॉर्ट सर्किट से भडक़ी आग, लाखों का नुकसान
दिव्य हिमाचल ब्यूरो— चंडीगढ़
चंडीगढ़ में डड्डूमाजरा के तोगा रोड स्थित कबाड़ी मार्केट में शुक्रवार दोपहर भीषण आग लग गई। तीन दुकानें आग की चपेट में आ गईं। मार्केट में पुरानी गाडिय़ां, इंजन, टायर, प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील स्पेयर पाट्र्स बड़ी मात्रा में रखे होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया और लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही चंडीगढ़ और पंजाब दमकल विभाग की पांच गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोक दिया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया।
दुकान मालिक के अनुसार, मार्केट में कबाड़ की 20 से अधिक दुकानें हैं, जहां दुर्घटनाग्रस्त और पुरानी गाडिय़ों के स्पेयर पाट्र्स रखे जाते हैं। उन्होंने आशंका जताई कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी होगी। एहतियात के तौर पर पुलिस ने मार्केट के दोनों ओर से सडक़ बंद कर दी और पूरे क्षेत्र को खाली कराया। पुलिस और प्रशासन आग लगने के कारणों तथा नुकसान का आकलन कर रहे हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
