आंदोलन को व्यापार मंडल का साथ , दो घंटे बंद रखीं दुकानें

By: Jun 27th, 2026 12:02 am

तीसरे दिन भी जारी रहा जुखाला कालेज बचाओ आंदोलन, दिल्ली के करोड़ीमल कालेज छात्र संघ महासचिव का भी समर्थन

स्टाफ रिपोर्टर-जुखाला
राजकीय महाविद्यालय जुखाला में विज्ञान एवं वाणिज्य संकायों को पुन: बहाल करने की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन शुक्रवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। जुखाला कॉलेज बचाओ मंच के नेतृत्व में स्थानीय लोग, विद्यार्थी, महिलाएं और बुजुर्ग लगातार धरने पर बैठे रहे। आंदोलन के समर्थन में स्थानीय व्यापार मंडल ने भी दो घंटे तक अपनी दुकानें बंद रखीं और धरना स्थल पर पहुंचकर एकजुटता दिखाई। धरने को संबोधित करते हुए मंच के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सीताराम ठाकुर ने कहा कि तीन दिनों से क्षेत्र के लोग शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अभी तक प्रशासन का कोई भी अधिकारी वार्ता के लिए नहीं पहुंचा है।

उन्होंने इसे प्रशासन की असंवेदनशीलता बताते हुए कहा कि यदि सरकार और प्रशासन ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। आंदोलन को दिल्ली के करोड़ीमल कॉलेज के छात्रसंघ महासचिव तुषार ठाकुर ने भी समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर सरकार को तुरंत निर्णय लेना चाहिए। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन का समर्थन किया और आवश्यकता पडऩे पर बड़े स्तर पर संघर्ष करने की बात कही। उधर, आंदोलन के तीसरे दिन हुए दो घंटे के चक्का जाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर सैकड़ों वाहन फंस गए और कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। हालांकि आंदोलनकारियों ने मानवता का परिचय देते हुए एंबुलेंस तथा मरीजों को ले जा रहे निजी वाहनों को बिना किसी बाधा के तुरंत रास्ता दिया। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी रही।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App