चिट्टा तस्करी के दो बड़े नेटवर्क का भंडाफोड, 203 ग्राम हेरोइन बरामद, पंजाब तक पहुंची जांच, छह गिरफ्तार

By: Jun 26th, 2026 12:06 am

स्टाफ रिपोर्टर — शिमला

पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए चिट्टा तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी जांच के आधार पर कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है तथा दोनों मामलों में करीब 203 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की है। पहले मामले में गत 23 जून को डिटेक्शन सेल रामपुर की टीम ने भैरा खंड सडक़, राष्ट्रीय राजमार्ग-05 के पास नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी लेने पर वाहन में सवार अनिल रिबल्टा, प्रशांत मेहता और तेजस्वी के कब्जे से 25 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस थाना रामपुर में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने चिट्टा खरीदने के लिए नवदीप मेहता उर्फ पियूष से संपर्क किया था और उसे 11 हजार रुपए भी भेजे थे। नवदीप ने यह खेप सचिन गौर के माध्यम से उपलब्ध करवाई थी।

इसके बाद गठित विशेष पुलिस दल ने पंजाब के जीरकपुर में दबिश देकर नवदीप मेहता उर्फ पियूष और मुख्य सप्लायर सचिन गौर को गिरफ्तार कर लिया। दूसरे मामले में गत 20 जून को स्पेशल सेल शिमला ने कनलोग क्षेत्र के एक होम स्टे में छापा मारकर पंजाब निवासी गोपाल कुमार के कमरे से 16 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। इस संबंध में पुलिस थाना न्यू शिमला में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आगे की तकनीकी जांच और पूछताछ में गुरुवचन उर्फ गुरु नामक व्यक्ति की संलिप्तता सामने आई। पुलिस की विशेष टीम ने मोहाली में कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से 162 ग्राम चिट्टा बरामद किया। जांच में पता चला है कि गुरुवचन एक संगठित नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा था और शिमला के विभिन्न क्षेत्रों में मांग के अनुसार चिट्टा सप्लाई करता था। वह अपने किराए के फ्लैट में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जमा रखता था और इसकी आपूर्ति करता था।

सप्लाई चेन तक पहुंचे

पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में केवल नशे की बरामदगी ही नहीं की गई, बल्कि तस्करी की पूरी सप्लाई चेन तक पहुंचकर उससे जुड़े आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। मामले में अन्य संभावित आरोपियों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान के लिए जांच जारी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App