अफीम के साथ दो तस्कर अरेस्ट, शिमला पुलिस की कार्रवाई, आरोपियों की गाड़ी भी जब्त
स्टाफ रिपोर्टर — शिमला
शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो लोगों को करीब 915 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस की स्पेशल सेल ने गुप्त सूचना के आधार पर की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अफीम बरामद करने के साथ-साथ उनके वाहन को भी जब्त कर लिया है। 10 और 11 जून की मध्यरात्रि को स्पेशल सेल शिमला की टीम यातायात जांच और अपराधों की रोकथाम के लिए छोटा शिमला, ढली, मशोबरा, बसंतपुर, सुन्नी, कधरघाट और जलोग क्षेत्रों में गश्त कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक वाहन में नशीला पदार्थ ले जाया जा रहा है। पुलिस ने संबंधित वाहन को रोककर तलाशी के दौरान वाहन के डैशबोर्ड से लगभग 915 ग्राम अफीम बरामद हुई। वाहन में सवार दो व्यक्तियों की पहचान दिनेश ठाकुर (45) निवासी भोग, ठियोग और धर्मेंद्र हिमराल (33) निवासी बनूना, सुन्नी के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना सुन्नी में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 18 और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बस सवार युवक से चिट्टा बरामद
सोलन। सोलन पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट ने एक युवक को 5.48 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शमलेच के समीप हरियाणा रोडवेज की एक बस को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान बस सवार युवक की तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से चिट्टा बरामद हुआ।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
