झंडूता कालेज में साइंस बंद होने पर मचा बवाल

By: Jun 27th, 2026 12:02 am

सरकार के फैसले के खिलाफ भाजपा ने खोला मोर्चा, आज होगा बड़ा प्रदर्शन

निजी संवाददाता – झंडूता
झंडूता कालेज में साइंस विषय की पढ़ाई बंद करने का फैसला तूल पकड़ गया है। झंडूता भाजपा ने प्रदेश सरकार के इस फरमान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को भाजपा की बैठक में कांग्रेस सरकार के इस फैसले के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाते हुए निर्णय लिया गया कि शनिवार 27 जून को धरना-प्रदर्शन के माध्यम से झंडूता विधानसभा क्षेत्र के बच्चों के हकों की रक्षा के लिए आवाज बुलंद की जाएगी। बैठक में झंडूता पंचायत समिति के सामान्य वर्ग की महिला के लिए आरक्षित बडग़ांव वार्ड से विजयी रहीं भाजपा समर्थित अनुसूचित जाति वर्ग की महिला प्रत्याशी के अध्यक्ष पद पर चयन में अड़ंगा अटकाने व चुनाव प्रक्रिया बाधित करने पर कांग्रेस के खिलाफ भी निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। कहा गया कि इस तरह की घटिया मानसिकता के बावजूद कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ी।

पंचायत समिति अध्यक्ष चुनी गई बडग़ांव वार्ड की शीला देवी व उपाध्यक्ष चुने गए गेहड़वीं वार्ड के शोभित धीमान को बधाई दी गई। झंडूता भाजपा मंडल अध्यक्ष रसम सिंह चंदेल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विधायक जीतराम कटवाल और शाहतलाई मंडल अध्यक्ष डा. रामप्रकाश शर्मा ने विशेष तौर पर भाग लिया। बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने के साथ ही पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और बूथ स्तर तक संगठन की मजबूती के लिए रूपरेखा भी तैयार की गई। जीतराम कटवाल ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत स्नातक पाठ्यक्रमों के पुनर्गठन के नाम पर झंडूता कॉलेज में साइंस विषय की पढ़ाई बंद करने का फैसला न केवल निंदनीय, बल्कि छात्रों के हितों व भविष्य से खिलवाड़ भी है। झंडूता विधानसभा क्षेत्र की 45 में से 14 पंचायतें पिछड़ा क्षेत्र के तहत आती हैं। इस क्षेत्र में उच्च शिक्षा का इकलौता और प्रमुख केंद्र झंडूता कालेज ही है।

दूरदराज के क्षेत्रों के बच्चों की बढ़ीं मुश्किलें

साइंस विषय बंद करने से पिछड़ा व दूरदराज के क्षेत्रों के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए 40-50 किलोमीटर दूरी तय करके अन्य कालेजों में जाना पड़ेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App