अमरीका का दोहरा रवैया समझ से परे, जयशंकर बोले, US ने खुद रूसी तेल खरीदने को कहा, फिर टैरिफ लगा दिया

By: Jun 13th, 2026 12:06 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

रूस से तेल आयात को लेकर प्रतिबंध लगाने और फिर उसे हटाने को लेकर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अमरीका को आड़े हाथों लिया है। फिनलैंड के कुलतारांता में जयशंकर ने कहा कि अमरीका सैंक्शन पॉलिसी बदलता ही रहता है। उन्होंने कहा कि अमरीका ने ही रूस से तेल आयात को बढ़ावा देने की बात कही और बताया कि इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्थिरता आएगी। इसके बाद वही प्रतिबंध लगाता है और फिर छूट देता है। जयशंकर ने कहा कि यूक्रेन पर हमले के बाद भी भारत ने रूस से तेल आयात करना इसलिए नहीं बंद किया, क्योंकि हमें अपने देश की ऊर्जा सुरक्षा को देखना है। यह भूराजनैतिक परिदृश्य से कहीं ज्यादा जरूरी है। जयशंकर ने कहा कि उपलब्धता और कीमतों के आधार पर भारत तेल का आयात निर्धारित करता है।

उन्होंने कहा कि रूस के पास तेल की अच्छी मात्रा उपलब्ध थी। यूरोप के ज्यादातर देश पश्चिम एशिया से तेल खरीद रहे थे। ऐसे में परिस्थितियों के आधार पर भारत ने रूस से तेल खरीद बढ़ा दी। जयशंकर ने कहा कि अमरीका ने ही रूस से तेल खरीदने को लेकर बढ़ावा दिया था। भारत रूस से तेल खरीदने वाले सबसे बड़े देशों में से एक बन गया। जयशंकर ने कहा कि अब देखिए अमरीका क्या कर रहा है। पहले रूस से तेल खरीदने के नाम पर ही हम पर टैरिफ लगा दिया। इसके बाद खुद ही अपने प्रतिबंधों को हटा लेता है। जयशंकर ने कहा कि अमरीका के बार-बार बदलने के बाद भी अपना स्टैंड नहीं बदला।

यूरोपीय हथियारों से भारत पर होते हैं हमले

जयशंकर ने भारत द्वारा रूसी तेल खरीदने पर हो रही आलोचनाओं का करारा जवाब दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत का निर्णय पूरी तरह से ‘राष्ट्रीय हित’ और ऊर्जा आवश्यकताओं पर आधारित है। उन्होंने पश्चिमी देशों के ‘दोहरे मापदंडों’ को उजागर करते हुए कहा कि जब यूक्रेन युद्ध के बाद बाजार में रूसी तेल उपलब्ध था, तो भारत ने अपनी जरूरत के हिसाब से उसे खरीदा। जयशंकर ने इस बहस में एक बेहद गंभीर और कड़वा सच सामने रखा। उन्होंने कहा कि किसी भी यूरोपीय देश पर भारतीय हथियारों से हमला नहीं किया गया है, लेकिन काश मैं भारत के संदर्भ में यूरोपीय हथियारों के लिए भी यही कह पाता। उन्होंने बिना नाम लिए पाकिस्तान की ओर इशारा करते हुए कहा कि यूरोप लंबे समय से ऐसे हथियार बेच रहा है, जिनका उपयोग भारत के खिलाफ किया जाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत ने कभी यूरोप को नुकसान पहुंचाने वाला कोई कदम नहीं उठाया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App