क्यूआर कोड से करें जनगणना कर्मी की पहचान, जनगणना कार्य निदेशालय ने जन सुरक्षा सुनिश्चित बनाने के लिए बनाई व्यवस्था

By: Jun 16th, 2026 12:05 am

जनगणना कार्य निदेशालय ने जन सुरक्षा सुनिश्चित बनाने के लिए बनाई विशेष व्यवस्था

वरिष्ठ संवाददाता — शिमला

हिमाचल में जनगणना ड्यूटी पर तैनात किए कर्मचारियों की पहचान को लेकर पुख्ता व्यवस्था बनाई है। इसके तहत घर आने वाले जनगणना कर्मी के पहचान पत्र में मौजूद क्यूआर कोड से सत्यता की जांच हो सकेगी। हिमाचल में जनगणना-2026 का पहला चरण औपचारिक रूप से मंगलवार को आरंभ हो रहा है। लिहाजा जन सुरक्षा को सुनिश्चित बनाते हुए निदेशालय की ओर से ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की पहचान की पुष्टि के लिए यह कदम उठाया है। जानकारी के अनुसार प्रदेश में जनगणना-2026 को पहला चरण मंगलवार को औपचारिक रूप से आरंभ हो जाएगा। इसमें मकान सूचीकरण और मकानों की गणना के कार्य को किया जाएगा और यह 15 जुलाई-2026 तक चलेगा।

पहले चरण के औपचारिक तौर पर आरंभ होने से पहले सभी जिला के प्रगणकों व पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण भी पूरा कर लिया गया है। उधर, जन-सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि घर आए प्रगणक की पहचान के लिए आम नागरिक उनके आईडी कार्ड पर मौजूद क्यूआर कोड को स्कैन कर उनकी सत्यता की जांच कर सकते हैं। निदेशालय का कहना है कि जनगणना के दौरान किसी भी प्रकार की बैंक डिटेल्स, ओटीपी या कोई भी वित्तीय दस्तावेज नहीं मांगा जाता है। लिहाजा निदेशालय ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी भ्रामक सूचना से सावधान रहें। किसी भी आधिकारिक जानकारी या सहायता के लिए नागरिक हेल्पलाइन नंबर 1855 पर संपर्क कर सकते हैं।

अब घर-घर आएंगे कर्मचारी

इस बार जनगणना डिजिटल माध्यम से की जा रही है, जिसमें प्रगणक मोबाइल ऐप का उपयोग कर रहे हैं। निदेशालय का कहना है कि जिन नागरिकों ने पहली से 15 जून तक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी स्व-गणना पूर्ण कर ली है, वे प्रगणकों को अपनी स्व-गणना आईडी प्रथम चरण के दौरान उपलब्ध कराएंगे, यदि सामान्य कारणों से नागरिक ऐसा नहीं कर पाए, तो भी 16 जून से 15 जुलाई, 2026 तक प्रगणक घर-घर आकर जानकारी एकत्र करेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App