ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, मनसिंबल गोलीकांड के विरोध में किया जोरदार प्रदर्शन

By: Jun 16th, 2026 12:02 am

निजी संवाददाता – भवारना
मनसिंबल पंचायत स्थित निजी होटल में हुई कथित फायरिंग और मारपीट की घटना के विरोध में सोमवार को स्थानीय ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों और ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में पंचायत के नवनिर्वाचित प्रधान, उपप्रधान ,बीडीसी सदस्य, जिला परिषद सदस्यए वार्ड सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन से होटल को तत्काल प्रभाव से बंद करने की भी मांग उठाई। उनका कहना था कि उक्त होटल में पूर्व में भी विवाद और हंगामे की घटनाएं सामने आती रही हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हालिया गोलीकांड जैसी गंभीर घटना के बाद होटल का संचालन जारी रहना स्थानीय लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर सकता है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच पूरी होने तक होटल को बंद रखने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। मनसिम्बल गांव में किराए के मकान में रह रहे आलोक ठाकुर के खिलाफ भी रोष व्यक्त किया। आरोप लगाया कि गांव का शांतिपूर्ण माहौल प्रभावित हो रहा है। पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने उसे गांव छोडऩे की मांग उठाई। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर मौजूद भवारना पुलिस ने आलोक ठाकुर को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला और कानून-व्यवस्था बनाए रखी।

गौरतलब है कि शनिवार देर रात मनसिम्बल पंचायत स्थित होटल में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। जानकारी के अनुसार पनीर में अधिक नमक होने की शिकायत को लेकर ग्राहकों और होटल प्रबंधन के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान होटल मालिक पदम देव और अन्य लोगों द्वारा युवकों के साथ मारपीट की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ समय बाद अतुल सिंह नामक व्यक्ति पिस्टल लेकर मौके पर पहुंचा और कथित रूप से फायरिंग की। घटना के बाद रेस्टोरेंट में अफरा.तफरी मच गई और लोग जान बचाकर बाहर निकलने लगे। आरोप है कि आशीष नामक युवक को पिस्टल के बल पर रोके रखा गया तथा उसके साथ मारपीट की गई। वहीं उसे छुड़ाने पहुंचे पंकज के साथ भी कथित तौर पर मारपीट और दुव्र्यवहार किया गया। मामले में यह आरोप भी सामने आया है कि घटना के बाद होटल की सीसीटीवी फुटेज हटाने का प्रयास किया गया। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। इसका सच सामने आएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App