विक्रमबाग में लगाया वाटर कूलर-प्यूरिफायर
सीएसआर के सहयोग से रोटरी क्लब नाहन ने स्कूल को दी ठंडे और स्वच्छ पेयजल की सौगात
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
समाज सेवा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहे रोटरी क्लब नाहन ने शुक्रवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय विक्रमबाग के छात्रों को स्वच्छ एवं ठंडे पेयजल की सुविधा उपलब्ध करवाते हुए विद्यालय परिसर में वाटर कूलर एवं वाटर प्यूरिफायर स्थापित किया। इस परियोजना का विधिवत उद्घाटन विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया। विद्यालय में अध्ययनरत करीब 200 विद्यार्थियों को अब तक गर्मी के मौसम में सामान्य पानी पर निर्भर रहना पड़ता था।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा इस आवश्यकता को रोटरी क्लब नाहन के समक्ष रखने पर क्लब ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों के लिए इस महत्वपूर्ण सुविधा की व्यवस्था सुनिश्चित की। यह परियोजना पायनियर एम्ब्रॉयडरीज, कालाअंब के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) सहयोग से साकार हुई। रोटरी क्लब नाहन के अध्यक्ष मनीष जैन ने कहा कि रोटरी का उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छ पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है। स्कूल के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) और अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान स्कूल परिवार एवं एसएमसी की ओर से रोटरी क्लब नाहन के अध्यक्ष मनीष जैन को प्रशंसा-पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर रोटरी क्लब नाहन के सदस्य ललित शर्मा, श्याम लाल खिंदड़ी और संदीप शर्मा भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, एसएमसी सदस्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
