नेपाल से डिलीवरी करवाने शिमला आई महिला, एंबुलेंस में दो दिन सफर कर पहुंची कमला नेहरू अस्पताल
एंबुलेंस में दो दिन सफर कर पहुंची कमला नेहरू अस्पताल, जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी शिमला का कमला नेहरू अस्पताल हिमाचल में ही नहीं दूसरे देशों में भी प्रसिद्ध है। इसका सबसे बड़ा उदहारण शुक्रवार को सामने आया। कमला नेहरू अस्पताल में नेपाल से एक गर्भवती महिला नेपाल की ही एंबुलेंस से प्रसव करवाने पहुंची। वहीं अस्पताल प्रशासन ने भी इस महिला का प्रसव सुरक्षित तरीके से करवाया। हैरत इस बात की है कि नेपाल का बॉडर क्रॉस कर करीब दो दिन का सफर कर महिला को शिमला पहुंचाया गया। उसके बाद महिला का प्रसव करवाया गया। वहीं अस्पताल प्रशासन का कहना है कि जच्चा बच्चा दोनों सुरक्षित है और प्रसव में भी कोई परेशानी नहीं आई। हालांकि जब महिला अस्पताल पहुंची तो उसके करीब डेढ़ घंटे बाद साधारण प्रसव महिला का हुआ है।
चिकित्सकों का कहना है कि महिला प्री-एक्लेंप्सिया से पीडि़त थी। गर्भवती महिला के परिवारजनों का कहना है कि नेपाल में जिस अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था उन्होंने सलाह दी थी कि वह अच्छे अस्पताल में इनका प्रसव करवाएं। ऐसे में शिमला में रह रहे उनके पति ने शिमला में कमला नेहरू अस्पताल में आने को कहा। ऐसे में महिला को नेपाल की एंबुलेंस में ही शिमला के कमला नेहरू अस्पताल में पहुंचाया गया।
क्या है प्री-एक्लेंप्सिया
प्री-एक्लेंप्सिया गर्भावस्था के दौरान होने वाली एक गंभीर चिकित्सीय स्थिति है, जिसमें गर्भवती महिला का रक्तचाप यानी ब्लड प्रेशर असामान्य रूप से बढ़ जाता है और शरीर के अन्य अंग, विशेषकर किडनी, लिवर और मस्तिष्क, प्रभावित हो सकते हैं। यह समस्या आमतौर पर गर्भावस्था के 20वें सप्ताह के बाद विकसित होती है। समय पर उपचार न मिलने पर यह मां और गर्भ में पल रहे शिशु, दोनों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
