अच्छा काम करने पर मिलेगा सम्मान

By: Jun 16th, 2026 12:02 am

हमीरपुर की 242 पंचायतों के प्रधानों-उपप्रधानों को शपथ दिलाने के बाद बोले खेल मंत्री यादविंद्र गोमा

दिव्य हिमाचल ब्यूरो, हमीरपुर
जिला हमीरपुर की कुल 242 ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधानों और उपप्रधानों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को बड़ू स्थित बहुतकनीकी महाविद्यालय के मैदान में आयोजित किया गया। इसमें आयुष, विधि, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने सभी नवनिर्वाचित प्रधानों और उपप्रधानों को भारत के संविधान के प्रति निष्ठा एवं श्रद्धा तथा कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। इस अवसर पर सभी नवनिर्वाचित प्रधानों एवं उपप्रधानों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए यादविंद्र गोमा ने कहा कि प्रदेश सरकार पंचायतीराज संस्थाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए कृतसंकल्प है। सरकार ने पंचायतघर के निर्माण की राशि बढ़ाकर 1.14 करोड़ रुपए कर दी है। प्रदेश में गत तीन वर्षों के दौरान पंचायतघरों के निर्माण एवं मर मत पर लगभग 113 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। प्रदेश सरकार ने निर्विरोध चुनी गई पंचायतों की ईनामी राशि में ढाई गुणा वृद्धि करके इसे 25 लाख प्रति पंचायत कर दिया है। इसी के परिणामस्वरूप प्रदेश में इस बार 137 पंचायतें निर्विरोध चुनी गई हैं। यादविंद्र गोमा ने कहा कि प्रदेश सरकार सराहनीय कार्य करने वाले पंचायत जनप्रतिनिधियों को विशेष रूप से पुरस्कृत करेगी। वर्ष 2026-27 से 2030-31 की अवधि के दौरान सरकार पंचायतीराज संस्थाओं को 16वें वित्त आयोग के तहत कुल 3744 करोड़ रुपए जारी करेगी।

इसमें जिला हमीरपुर की पंचायतों को भी 182 करोड़ से अधिक धनराशि मिलेगी। इस धनराशि और अन्य माध्यमों से प्राप्त होने वाले बजट का सदुपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे पेयजल, स्वच्छता, नशा निवारण, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य और स्वरोजगार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों के साथ-साथ स्थानीय पंचायत की आय में वृद्धि को भी अपनी प्राथमिकताओं शामिल करें। पेयजल योजनाओं को भी ग्राम पंचायत विकास योजनाओं में शामिल करें। उन्होंने पंचायतों के कार्य में डिजिटल टैक्नोलॉजी के अधिक से अधिक उपयोग पर भी जोर दिया। यादविंद्र गोमा ने कहा कि नवनिर्वाचित पंचायत जनप्रतिनिधियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। सभी जनप्रतिनिधि इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेकर पंचायतीराज व्यवस्था को गहनता के साथ समझें और अपने-अपने क्षेत्रों के विकास को गति प्रदान करें। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू, विधायक कैप्टन रणजीत सिंह, इंद्र दत्त लखनपाल और आशीष शर्मा, कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, ओबीसी आयोग के सदस्य राजीव राणा, एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुमन भारती, पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा, सुभाष ढटवालिया, पूर्व विधायक मनजीत डोगरा, पार्टी के अन्य पदाधिकारी, उपायुक्त गंधर्वा राठौड़, एसपी बलवीर सिंह, जिला पंचायत अधिकारी बबीता गुलेरिया, अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी, 242 पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधान-उपप्रधान और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

जल प्रबंधन की कमान पंचायतों के हाथ, अब जल शक्ति विभाग वेंडर

हमीरपुर। युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब पंचायतें जल शक्ति विभाग के साथ मिलकर अपने इलाके में पेयजल योजनाओं को चलाने और उनके मेंटेनेंस का काम करेगी। पंचायत में जहां पर भी कोई पेयजल जल योजना बनी है इसके लिए जल शक्ति विभाग को इसका वेंडर बनाया गया है। पंचायत की तरफ से इसके लिए बजट भी उपलब्ध करवाया जाएगा ताकि लोगों को पानी की बेहतर सुविधा मिल सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App