अब नेशनल लेवल का होगा शूलिनी मेला
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की बड़ी घोषणा, स्थानीय लोगों, व्यापारियों ने निर्णय का स्वागत करते हुए कहा थैंक्स
निजी संवाददाता-सोलन
प्रदेश के प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक माता शूलिनी मेले को अब राष्ट्रीय स्तर की पहचान मिलने जा रही है। प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने घोषणा की है कि सोलन के राज्य स्तरीय शूलिनी मेले को राष्ट्रीय स्तर का मेला बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री की इस घोषणा से सोलन सहित पूरे प्रदेश में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों, व्यापारियों, समाजसेवियों और विभिन्न संगठनों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया है। बता दें कि माता शूलिनी मेला सोलन की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान का प्रमुख प्रतीक माना जाता है। हर वर्ष आषाढ़ माह में आयोजित होने वाला यह तीन दिवसीय मेला हजारों श्रद्धालुओं, पर्यटकों और व्यापारियों को अपनी ओर आकर्षित करता है।
अब राष्ट्रीय स्तर का दर्जा मिलने से मेले की भव्यता और लोकप्रियता में और अधिक वृद्धि होने की उम्मीद है। सोलन शहर का नाम माता शूलिनी के नाम पर ही पड़ा है। स्थानीय विधायक डॉ कर्नल धनीराम शांडिल के प्रयासों से राष्ट्रीय स्तर का दर्जा मिलने से मेले में देशभर से कलाकारों, पर्यटकों और निवेशकों के आने की संभावनाएं बढ़ेंगी। इससे स्थानीय व्यापार, पर्यटन और रोजगार को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा। नगर निगम, जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों को भी आयोजन के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री की इस घोषणा को सोलन के विकास और पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाला कदम माना जा रहा है। लोगों का मानना है कि राष्ट्रीय स्तर का दर्जा मिलने से माता शूलिनी मेला भविष्य में देश के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल हो सकेगा।
पर्यटन, व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा माता शूलिनी मेले को राष्ट्रीय स्तर का दर्जा देने की घोषणा पर स्थानीय लोगों ने खुशी व्यक्त की है। व्यापार मंडल, सामाजिक संगठनों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने प्रदेश सरकार का आभार जताते हुए कहा कि यह निर्णय सोलन की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय मंच पर स्थापित करेगा। लोगों का मानना है कि इससे पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा सोलन का नाम पूरे देश में और अधिक प्रसिद्ध होगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
