हर पंचायत में विकास पर खर्च होंगे 1 करोड़, ग्रामीण विकास मंत्री बोले, 3773 पंचायतों को मिलेंगे 3744 करोड़
मंडी में ग्रामीण विकास मंत्री का खुलासा, 3773 पंचायतों को मिलेंगे 3744 करोड़
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — मंडी
हिमाचल प्रदेश में पंच परमेश्वर का चुनाव होते ही सुक्खू सरकार ने भी पंचायतों में विकास कार्यों को पूरा करने के लिए धन का प्रावधान कर दिया है। राज्य सरकार हिमाचल की हर पंचायत में विकास कार्यों के लिए करीब एक करोड़ रूपए मुहैया करवाएगी। राज्य की 3773 पंचायतों में विकास कार्यों के लिए कुल 3744 करोड़ रुपए प्रदान किए जाएंगे। मंडी में चुने हुए प्रधानों और उपप्रधानों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाने के साथ ही पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने खुलासा किया है कि हिमाचल की हर पंचायत में पांच सालों के भीतर करीब एक करोड़ रुपए विकास कार्यों पर व्यय किए जाएंगे। पंचायतीराज मंत्री ने कहा कि 16वें वित्त आयोग के तहत वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक आगामी पांच वर्षों में प्रदेश में पंचायतों के माध्यम से विकास कार्यों पर लगभग 3744 करोड़ रुपए प्रदान किए जाएंगे। इनमें से इस वर्ष लगभग 481 करोड़ रुपए प्रदान किए जाएंगे।
मंडी जिला को आगामी पांच वर्षोंं में इसमें लगभग 429.11 करोड़ रुपए प्राप्त होंगे, जिनमें से 68.89 करोड़ इसी वर्ष जारी किए जाएंगे। यह निधि 50 प्रतिशत टाइड एवं शेष 50 प्रतिशत अनटाइड रूप में प्रदान की जाएगी। टाइड निधि में पेयजल योजनाओं के संचालन तथा रखरखाव पर व आधी राशि स्वच्छता पर तथा अनटाइड राशि में से अन्य स्थानीय विकास कार्यों पर पंचायतों में यह राशि व्यय की जाएगी।
सुक्खू सरकार ने चमकाए पंचायतघर
पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने गत तीन वर्षों में पंचायत घरों के निर्माण एवं उन्नयन पर लगभग 113 करोड़ रुपए व्यय किए गए हैं। पंचायत घरों के निर्माण के लिए पहले 33 लाख रुपए की राशि प्रदान की जाती थी, जिसे वर्तमान प्रदेश सरकार ने बढ़ाकर 1.14 करोड़ रुपए किया है।
पंचायतघर बनाने के लिए दें जमीन
पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि पंचायतघर पंचायत की अपनी भूमि पर ही बन पाएंगे। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वह कम से कम 10 बिस्वा भूमि पंचायत घरों के निर्माण के लिए उपलब्ध करवाएं। पंचायत क्षेत्र में वन मंजूरी के मामलों में कम से कम एक बीघा भूमि की स्वीकृति प्राप्त करना भी सुनिश्चित करें।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
