आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली-पानी कनेक्शन में देरी पर नाराजगी

By: Jul 14th, 2026 12:01 am

राजगढ़ में एसडीएम राजकुमार ने की आंगनबाड़ी योजनाओं की समीक्षा, पात्र लाभार्थियों तक योजनाएं पहुंचाने के निर्देश

नगर संवाददाता-राजगढ़
बाल विकास समेकित सेवाएं (आईसीडीएस) योजना खंड राजगढ़ की खंड स्तरीय अनुश्रवण एवं निगरानी समिति की बैठक सोमवार को एसडीएम कार्यालय में एसडीएम राजकुमार ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बाल विकास परियोजना अधिकारी सुरेंद्र चौहान ने बताया कि परियोजना के तहत 190 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। पूरक पोषाहार योजना के तहत छह माह से छह वर्ष तक के 1,542 बच्चों, 266 गर्भवती महिलाओं और 245 धात्री महिलाओं को पोषण आहार उपलब्ध कराया जा रहा है।

वहीं, पूर्व-प्राथमिक शिक्षा कार्यक्रम से 922 बच्चे लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि बच्चों का वजन और लंबाई हर माह मापकर पोषण ट्रैकर ऐप पर दर्ज की जाती है। बैठक में बेटी है अनमोल, प्रधानमंत्री मातृ वंदना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्यादान, मुख्यमंत्री शगुन, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा, महिला स्वयं रोजगार, पोषण अभियान और मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। एसडीएम राजकुमार ठाकुर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जाए। उन्होंने कुछ आंगनबाड़ी केंद्रों के अधूरे निर्माण और बिजली-पानी कनेक्शन में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागों को कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App