नींद नहीं, सिर्फ खौफ… शिलाण में कईं मकानों को खतरा

By: Jul 14th, 2026 12:02 am

हरिपुरधार के गांव में विभाग की लापरवाही जिंदगी पर भारी; आशियानों पर मंडरा रहा भूस्खलन का खतरा, आधा दर्जन घरों पर संकट के बादल

निजी संवाददाता-नौहराधार
हरिपुरधार क्षेत्र के शिलाण गांव में लगातार हो रही बारिश के बीच भू-स्खलन का खतरा बढ़ गया है। गांव के करीब आधा दर्जन परिवारों के मकान खतरे की जद में हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हर बारिश के साथ जमीन खिसक रही है और वे अनहोनी की आशंका में रातें जागकर बिताने को मजबूर हैं। ग्रामीणों के अनुसार शिलाण-बांया जुरवाड़ी लिंक रोड का निर्माण करीब नौ वर्ष पहले शुरू हुआ था, जबकि टेंडर हुए भी चार साल से अधिक समय बीत चुका है। उनका आरोप है कि सडक़ निर्माण के दौरान सुरक्षा कार्यों में लापरवाही बरती गई, जिसके कारण अब रिहायशी क्षेत्र के नीचे भू-स्खलन का खतरा बढ़ गया है।

कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि मई माह में लोक निर्माण विभाग ने सुरक्षा दीवार के लिए नींव तो तैयार कर दी, लेकिन निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। बरसात के दौरान यही अधूरा निर्माण अब भू-स्खलन का कारण बन रहा है। उनका कहना है कि यदि समय पर सुरक्षा दीवार का निर्माण पूरा कर दिया जाता तो आज यह स्थिति पैदा नहीं होती। स्थानीय विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि मामले में तत्काल उचित कार्रवाई कर समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा। वहीं एसडीएम संगड़ाह सुनील कायथ ने बताया कि उन्हें पहले इस संबंध में आधिकारिक जानकारी नहीं मिली थी। अब मामला संज्ञान में आने के बाद आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App