यमुना घाट का काम ठप, निर्माण स्थल पर धंसी मिट्टी
मानसून में थमा निर्माण; सवा साल बाद भी अधूरा पड़ा पांवटा का नमामि गंगे घाट, हरकी पौड़ी की तर्ज पर बनना है भव्य घाट
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
पांवटा साहिब के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले यमुना घाट पर नमामि गंगे योजना के तहत हरकी पौड़ी की तर्ज पर बनाए जा रहे भव्य घाट का निर्माण कार्य सवा साल बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। मानसून शुरू होते ही निर्माण कार्य पूरी तरह ठप पड़ गया है, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। वर्ष 2024 में शुरू हुई इस परियोजना के तहत पक्की सीढय़िां, घाट, बैठने के लिए चबूतरे, लाइटिंग और सौंदर्यीकरण किया जाना था। लेकिन निर्माण की धीमी रफ्तार के कारण अब तक करीब 10 प्रतिशत कार्य ही पूरा हो सका है।
लगातार बारिश से निर्माण स्थल पर मिट्टी धंस गई है, चारों ओर कीचड़ फैल गया है और यमुना का बढ़ता जलस्तर अधूरे घाट पर मलबा जमा कर रहा है। इससे सुबह-शाम पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं, विशेषकर बुजुर्गों, को फिसलने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हरकी पौड़ी जैसी सुविधा देने का दावा किया गया था, लेकिन वर्तमान में घाट की स्थिति पहले से भी बदतर हो गई है। लोगों ने सवाल उठाया कि नमामि गंगे योजना के तहत उत्तराखंड के हरिपुर खालसी में घाट निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है, जबकि पांवटा साहिब में कार्य अब भी अधूरा है। सामाजिक संगठनों ने जिला प्रशासन और नमामि गंगे प्राधिकरण से मानसून के बाद युद्धस्तर पर निर्माण कार्य शुरू कर शीघ्र पूरा करने की मांग की है, ताकि धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सके।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

