प्रदेश में 2027 तक दस हजार शिक्षक होंगे भर्ती, 150 पीएमश्री स्कूलों को मिलेंगे म्यूजिक टीचर

By: Jul 5th, 2026 12:02 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-शिमला
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रदेश के 150 पीएम श्री विद्यालयों में म्यूजिक टीचर्स की नियुक्ति की जाएगी और इसके बाद सीबीएसई से संबद्ध विद्यालयों में भी ऐसे शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। वह पोर्टमोर स्कूल में स्कूली खेलों के ख्रिलाडिय़ों को सम्मानित करने के बाद बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 तक दस हजार से अधिक शिक्षकों एवं प्राध्यापकों की नियुक्ति का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से लगभग 8,000 नियुक्तियां पहले ही की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और विद्यार्थियों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, खेलों को बढ़ावा तथा युवाओं को रोजगारपरक अवसर उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने खिलाडिय़ों, प्रशिक्षकों, शारीरिक शिक्षा अध्यापकों एवं खेल विभाग के अधिकारियों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके सामूहिक प्रयासों से हिमाचल प्रदेश शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। अंत में हिमाचल स्कूल स्पोट्र्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि समारोह का उद्देश्य प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों का मनोबल बढ़ाना तथा उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि ठाकुर रामलाल स्कूल ऑफ स्पोट्र्स जुब्बल में 148 छात्राओं को प्रवेश दिया जाएगा। मंत्री ने कहा कि प्रदेश ने वर्ष 2025 में 99.30 प्रतिशत साक्षरता दर हासिल कर पूर्ण साक्षर राज्यों की श्रेणी में स्थान बनाया है। राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है तथा सरकार अधिकाधिक छात्रों को खेलों से जोडऩे के लिए प्रयासरत है।

स्कूलों की इंस्पेक्शन अब ऑनलाइन

प्रदेश के सरकारी स्कूलों की अब शिक्षा विभाग के आलाधिकारी वर्चुअल तरीके से स्कूलों की इंस्पेक्शन कर सकेंगे। इस संबंध में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शिमला से वर्चुअल संवाद कार्यक्रम की शुरुआत कर दी है।

शिक्षा मंत्री, शिक्षा सचिव और निदेशक करेंगे संवाद

निदेशक स्कूल शिक्षा ने कहा कि अब शिक्षा मंत्री, शिक्षा सचिव और निदेशक सहित निदेशालय के वरिष्ठ अधिकारी सभी सरकारी स्कूलों में वर्चुअल संवाद पर बल देंगे। उन्होंने कहा कि इससे तुरंत फीडबैक मिलेगा और कभी भी स्कूल प्रधानाचार्य से वर्चुअल संवाद किया जा सकेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App