पिंजौर-नालागढ़ रोड़ को पौने 14 करोड़
फोरलेन के इंतजार में बीबीएन को राहत, 180 दिन में पूरे होंगे सुधार कार्य
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बद्दी
वर्षों से अधूरी फोरलेन परियोजना और बदहाल सडक़ों की समस्या से जूझ रहे बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) क्षेत्र के लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने पिंजौर-बद्दी-नालागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-105) की मरम्मत और रखरखाव के लिए 13 करोड़ 89 लाख रुपए का ठेका जारी कर दिया है। फोरलेन निर्माण दोबारा शुरू होने तक सडक़ को सुरक्षित और यातायात योग्य बनाए रखने के उद्देश्य से यह कार्य कराया जाएगा।
योजना के तहत एनएच-105 के किलोमीटर 4.200 से 35.395 तक के हिस्से में व्यापक सुधार कार्य किए जाएंगे। इसमें उखड़ी सडक़ की मरम्मत, पैचवर्क, क्षतिग्रस्त हिस्सों को मजबूत करना, कॉजवे की मरम्मत तथा जलभराव वाले स्थानों पर ड्रेनेज व्यवस्था को बेहतर बनाना शामिल है। एनएचएआई ने इन सभी कार्यों को छह माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा है। पिंजौर-बद्दी-नालागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग प्रदेश के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन की प्रमुख संपर्क सडक़ है। प्रतिदिन हजारों ट्रक, कंटेनर, बसें और निजी वाहन इसी मार्ग से गुजरते हैं। लंबे समय से सडक़ की जर्जर हालत के कारण उद्योगों, ट्रांसपोर्टरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात में जलभराव, गहरे गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। एनएचएआई का कहना है कि फोरलेन परियोजना शुरू होने में अभी समय लगेगा। ऐसे में अंतरिम व्यवस्था के रूप में सडक़ की व्यापक मरम्मत कर यातायात को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखा जाएगा, जिससे क्षेत्र के लाखों लोगों और उद्योगों को राहत मिलेगी।
बरसात में जलभराव पर रहेगा विशेष फोकस
इस बार के मरम्मत कार्य में केवल गड्ढे भरने तक ही काम सीमित नहीं रहेगा। एनएचएआई ने उन स्थानों को भी चिन्हित किया हैए जहां हर बरसात में पानी जमा होने से यातायात प्रभावित होता है। ऐसे स्थानों पर ड्रेनेज व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा और कॉजवे सहित अन्य संरचनाओं की भी मरम्मत की जाएगीए ताकि मानसून के दौरान लोगों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।
क्या बोले एनएचएआई के साइट इंजीनियर
एनएचएआई के साइट इंजीनियर दिनेश पुनिया ने बताया कि एनएच.105 के मरम्मत एवं रखरखाव कार्य के लिए ठेका आवंटित कर दिया गया है। कार्य के तहत सडक़ की मरम्मत, पैचवर्क, कॉजवे, ड्रेनेज सुधार, जलभराव वाले स्थानों का उपचार तथा अन्य आवश्यक मेंटेनेंस कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर क्षतिग्रस्त हिस्सों पर कार्य शुरू कराया जाएगाए ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि फोरलेन परियोजना के शेष निर्माण कार्य के लिए 11 कंपनियों की तकनीकी बोलियों का मूल्यांकन जारी है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद वित्तीय बोलियां खोली जाएंगी और नियमानुसार निर्माण एजेंसी का चयन किया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

