पूर्व जीएम समेत 50 लोग कांग्रेस में शामिल
संगठन विस्तार अभियान के तहत शुक्रवार को राजीव भवन में कार्यक्रम का आयोजन
वरिष्ठ संवाददाता-शिमला
हिमाचल पथ परिवहन निगम के रिटायर जीएम समेत 50 ने शुक्रवार को कांग्रेस का हाथ थाम लिया। इनमें पूर्व बीडीसी और दो वार्ड सदस्यों समेत अन्य लोग शामिल है। यह सभी भाजपा समेत अन्य राजनीतिक दलों से संबंध रखते हैं। जानकारी के अनुसार संगठन विस्तार अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में हुआ। कार्यक्रम में सीएम के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान और पीसीसी संगठन महासचिव विनोद जिंटा विशेष तौर पर मौजूद रहे। इस दौरान कांग्रेस के शिमला ग्रामीण जिला अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल की अध्यक्षता में प्रदेश कांग्रेस सरकार की नीतियों व निर्णयों पर अपनी आस्था जताते हुए इन भाजपा के कई सक्रिय कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के नेतृत्व पर अपनी पूरी आस्था प्रकट कर पार्टी में शामिल हुए।
जिला अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल ने बताया कि कांग्रेस में शामिल होने वाले प्रमुख लोगों में रोहडू से एचआरटीसी से सेवानिवृत्त जीएम केसी चौहान, शिमला ग्रामीण से पूर्व बीडीसी सदस्य लक्ष्मी दास, वार्ड सदस्य जय लाल नेगी, वार्ड सदस्य करिश्मा शर्मा अपने समर्थकों सहित लगभग 50 लोग शामिल हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव संगठन विनोद जिंटा, कांग्रेस उपाध्यक्ष अमित नंदा, सोनिया चौहान, प्रधान जितेंद्र ठाकुर, पवन कुमार, कुलदीप ठाकुर आदि उपस्थित रहे।
संगठन को मिलेगी मजबूती
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महामंत्री विनोद जिंटा ने कहा कि उनके पार्टी में शामिल होने से संगठन में कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ रही है। जिला शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल ने इन कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन विस्तार अभियान के तहत शामिल होने वाले नए कार्यकर्ताओं को विशेष मान सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने सभी से संगठन की मजबूती और विस्तार में पूरा सहयोग देने का आह्वान करते हुए कहा कि उनके शामिल होने से उनके क्षेत्रों में संगठन को और मजबूती मिलेगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

