दो साल की सेवा पूरी करने वाले 68 लेक्चरर होंगे रेगुलर

By: Jul 2nd, 2026 10:33 pm

कार्यालय संवाददाता-शिमला

हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग ने अनुबंध आधार पर कार्यरत 68 लेक्चरर (स्कूल-न्यू) को बड़ी राहत देते हुए उनकी सेवाओं को नियमित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिन अनुबंधित लेक्चररों ने 30 सितंबर 2024 तक लगातार दो वर्ष की सेवा पूरी कर ली है, उनकी सेवाएं पहली अक्तूबर 2024 से प्रभावी रूप से नियमित की जाएंगी।

शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि नियमितीकरण के बाद संबंधित शिक्षकों को 43,000 रुपए मूल वेतन मिलेगा। नियमितीकरण उनके वर्तमान कार्यस्थल पर ही किया जाएगा। साथ ही उन्हें संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ भी लेनी होगी।

दो दिन में जमा करवाएं दस्तावेज

उप निदेशक उच्च शिक्षा (माध्यमिक) ऊना ने जिला के सभी सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे आदेश की जानकारी संबंधित शिक्षकों तक तुरंत पहुंचाएं और दो दिन के भीतर आवश्यक दस्तावेज तथा परिशिष्ट कार्यालय में जमा करवाना सुनिश्चित करें। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमितीकरण सभी निर्धारित शर्तों और औपचारिकताओं के पूरा होने के बाद ही प्रभावी होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App