नगरोटा में पहाड़ी-पंजाबी हरियाणवी गीतों का तडक़ा

By: Jul 28th, 2026 12:02 am

सरकार ने बढ़ाया लोगों का जोश, तिल धरने को नहीं बची जगह

कार्यालय संवाददाता- नगरोटा बगवां
नगरोटा बगवां में आयोजित श्री जीएस बाली बाल मेले के अंतिम दिन सोमवार को गांधी मैदान में तिल धरने को जगह शेष नहीं बची। बड़ी संख्या में लोगों ने जहां यहां लगाए गए मेडिकल कैंप में अपनी सेहत की जानकारी ली, वहीं देश के नामी चिकित्सकों से परामर्श पाया और जरूरतमंदों को मुफ्त दवाओं और परीक्षणों की भी सुविधा उपलब्ध हुई। गांधी मैदान में झूलों हाथियों और ऊंटों पर सुबह से ही बच्चों का कब्जा रहा, जबकि जलेबी और आईसक्रीम के लिए तो महिलाओं और पुरुषों में भी धक्का-मुक्की का आलम देखने को मिला।

इस दौरान रंगीन रोशनी व रंगीन इलेक्ट्रिक फुलझडियों से सराबोर विशालकाय मंच पर पहाड़ी-हिंदी-पंजाबीतथा हरियाणवी गीतों का तडक़ा भी खूब लगा। पंजाबी स्टार गायक शिवजोत ने जहां पंजाबी गीतों पर दर्शकों को नचाया, वहीं मासूम शर्मा ने हरियाणवी गीतों को समां बांधा। एसी भारद्वाज, कुमार साहिल, विशाल तिलोरिया, रोहित वोहरा के साथ असीम शर्मा की धमाकेदार आवाज ने भी तालियां बटोरीं। आरएस बाली ने सभी गायकों के साथ-साथ नगरोटा बाल मेले के इस मंच पर प्रस्तुति देने वाले स्कूलों से आए हुए बच्चों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल, मिस्टर और मिस धौलाधार प्रतियोगिता के प्रतियोगी सभी को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बधाई दी।

सरकार ने ढाबे पर सोडे का लिया आनंद

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नगरोटा आते आते-रास्ते में रुककर शहर की मशहूर दुकान से सभी मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ ग्रीन सोडे का आनंद लिया।

बंदे में है दम

नगरोटा बगवां में आयोजित बाल मेले के मंच से न केवल मुख्यमंत्री बल्कि सभी मंत्रियों, विधायकों और कांग्रेस नेताओं ने अपने पिता की विरासत को उसी खूबसूरती के साथ आगे ले जाने के लिए आरएस बाली की खूब पीठ थपथपाई । उपमुख्यमंत्री तो यहां तक बोल गए कि पहली बार विधायक बना कोई आदमी पूरी सरकार को अपने घर पर बिठा ले, तो समझ जाना चाहिए कि बंदे में दम तो है। उन्होंने जूनियर बाली को पिता से भी आगे निकलने और भविष्य में कांगड़ा को दिशा देने में अग्रणी भूमिका का आशीर्वाद भी दे दिया।

ये रहे मेले के खास मेहमान
बाल मेले में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार, मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल, लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह, नगर एवं ग्राम नियोजन (टीसीपी), आवास, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा, उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक संजय रत्न, विधायक मलेंद्र राजन, एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, पूर्व विधायक सुरेंद्र काकू, राकेश कालिया, जगजीवन पाल, कांग्रेस के सहप्रभारी चेतन चैहान उपायुक्त हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा सहित स्थानीय जनता उपस्थित थी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App