सावन के दूसरे सोमवार को चूड़धार में उमड़ा आस्था का सैलाब
बारिश के बीच हजारों श्रद्धालुओं ने किए शिरगुल महाराज के दर्शन, दर्शन के लिए भक्तों की लगी लंबी कतारें
निजी संवाददाता – नौहराधार
सावन के दूसरे सोमवार के पावन अवसर पर समुद्र तल से लगभग 12 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित प्रसिद्ध चूड़धार धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के साथ-साथ हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तराखंड और अन्य बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिरगुल महाराज के दर्शन के लिए चूड़धार पहुंचे। श्रद्धालुओं ने नौहराधार मार्ग से कठिन चढ़ाई पार कर मंदिर तक पहुंचकर भगवान शिरगुल महाराज के दर्शन किए। पूरे यात्रा मार्ग पर जय शिरगुल महाराज के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
भारी बारिश के कारण रास्ते कई स्थानों पर फिसलन भरे रहे, लेकिन श्रद्धालुओं का उत्साह और आस्था किसी भी चुनौती के सामने कम नहीं हुई। सावन माह के सोमवारों का विशेष धार्मिक महत्त्व माना जाता है। इसी कारण दूसरे सोमवार को सुबह से ही चूड़धार धाम में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिली। मंदिर परिसर में दिन भर पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान चलते रहे। कई श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छी वर्षा, खुशहाली और क्षेत्र की समृद्धि की कामना करते हुए भगवान शिरगुल महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चूड़ेश्वर समिति द्वारा लंगर एवं चाय-पानी की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं की सेवा की। लगातार हो रही बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। श्रद्धालुओं का कहना था कि भगवान शिरगुल महाराज की कृपा से ही कठिन यात्रा सफल होती है। सावन के दूसरे सोमवार पर चूड़धार धाम में उमड़ी भारी भीड़ ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि भगवान शिरगुल महाराज के प्रति लोगों की आस्था लगातार बढ़ रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

