50 मीटर के खतरे के बीच महज 5 मीटर का डंगा
बिझड़ी-घोड़ी-धबीरी सडक़ पर बरसात से पहले अधूरा काम बना आफत
निजी संवाददाता – बड़सर
बिझड़ी.घोड़ी.धबीरी सडक़ मार्ग पर लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर स्थानीय जनता के निशाने पर है। करीब 14 किलोमीटर लंबा यह महत्त्वपूर्ण मार्ग वर्षों से विभागीय उपेक्षा का दंश झेल रहा है। पिछली बरसातों में क्षतिग्रस्त हुई इस सडक़ की मरम्मत का काम अब जाकर शुरू तो हुआ है, लेकिन इसे देखकर स्थानीय लोग इसे राहत कम और औपचारिकता ज्यादा मान रहे हैं। सबसे खस्ताहाल स्थिति राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय महारल के समीप बनी हुई है। यहां पिछली भारी बारिश के कारण सडक़ का लगभग 50 मीटर हिस्सा धंस गया था, जिसके नीचे गहरी खाई होने से हर समय किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। तीन साल तक इस संवेदनशील स्थान की सुध न लेने के बाद अब जब विभाग जागा भी, तो वहां महज 5 मीटर का अधूरा डंगा खड़ा कर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया गया। ग्रामीणों में विभाग के इस रवैये को लेकर भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर पूरे 50 मीटर हिस्से को सुरक्षित करने के लिए एक मजबूत सुरक्षा दीवार की जरूरत थी, वहां बीच में ही छोटा सा डंगा लगा दिया गया है।
एक ही भाग का बजट स्वीकृत हुआ
लोक निर्माण विभाग बिझड़ी के कनिष्ठ अभियंता राकेश चंदेल ने विभागीय लाचारी प्रकट की है। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से इस पूरे प्रभावित हिस्से के लिए डंगे का एस्टीमेट बनाकर उच्च अधिकारियों को स्वीकृति हेतु भेजा गया था, परंतु अभी तक सरकार या विभाग से केवल एक ही भाग का बजट स्वीकृत होकर मिला है। इसी उपलब्ध बजट के कारण फिलहाल सिर्फ पांच मीटर डंगे का ही निर्माण करवाया जा सका है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

