ज्यादा शुल्क लिया तो कार्रवाई तय

By: Jul 3rd, 2026 12:45 am

तहसीलों में मनमानी फीस पर लगेगी रोक, एसडीएम ने दिए सख्त निर्देश
कार्यालय संवाददाता – नादौन
तहसील परिसरों में दस्तावेज तैयार करवाने के लिए मनमाने शुल्क वसूले जाने की शिकायतें मिलने पर एसडीएम नादौन निशांत शर्मा ने कड़ा संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने तहसीलदार नादौन तथा गलोड़ सहित नायब तहसीलदार कांगू को निर्देश दिया है कि दस्तावेज तैयार करने हेतु निर्धारित सरकारी शुल्क सूची का अनिवार्य प्रदर्शन एवं अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए नियमित औचक निरीक्षण किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आग्रह किया है कि अधिक शुल्क वसूले जाने की मिल रही कुछ शिकायतों को दूर करने के लिए सरकारी आदेशों की पालना कड़ाई से सुनिश्चित करवाई जाए।

उन्होंने कहा है कि यदि कोई तय शुल्क से अधिक राशी प्राप्त करता है, तो इसकी सूचना तुरंत कार्यालय को भेजी जाए। इसी तरह कुछ लोकमित्र केंद्रों पर इसी तरह की शिकायतें मिलने के बाद निशांत शर्मा ने बीडीओ नादौन को भी कड़ी निगरानी करने का निर्देश दिया है। उन्होंने लोकमित्र केंद्रों पर भी सेवा शुल्क सूची स्पष्ट प्रदर्शित करने का आदेश दिया है। वहीं सेवा शुल्क वसूलने की रसीद देना अनिवार्य कर दिया गया है। अब नहीं चलेगी मनमानी निशांत शर्मा ने बताया कि कुछ तहसील परिसरों तथा लोकमित्र केंद्रों पर कुछ लोगों द्वारा अतिरिक्त शुल्क वसूले जाने की शिकायतें मिल रही थी इसलिए जनहित में ऐसे निर्देश दिए गए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App