सीएम के दौरे से पहले होली में प्रशासन अलर्ट
डीसी ने हेलीपैड और जनसभा स्थल का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश
निजी संवाददाता-होली
उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल ने शनिवार को होली तहसील का दौरा कर मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा के साथ मुख्यमंत्री के आगमन स्थल होली हेलीपैड और जनसभा स्थल का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को जांचा। उन्होंनें सीएम के दौरे की तैयारियों को लेकर लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक भी की। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए जनसभा स्थल, यातायात व रूट व्यवस्था और स्वागत कार्यक्रमों से संबंधित तैयारियों के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त ने एसएचओ भरमौर बाबू राम को सुरक्षा के कड़े प्रबंध सुनिश्चित करने के साथ ही आमजन के आवागमन के लिए सुचारू ट्रैफिक व्यवस्था तथा पर्याप्त पाॄकग स्थल चिंहित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग तथा विद्युत बोर्ड के अधिकारियों को भी मुख्यमंत्री के प्रस्तावित प्रवास के मद्देनजर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के उपरांत उपायुक्त सुप्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक धार्मिक स्थल लाके वाली माता मंदिर में माता टेका। उन्होंने एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल होली का भी निरीक्षण किया। इस दौरान डीएफओ भरमौर नवनाथ शिवाजी माने, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग जीत सिंह ठाकुर, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग भाग सिंह, तहसीलदार होली अजय कुमार, बीएमओ भरमौर डा. दीपेश बराल व सहायक अभियंता जल शक्ति विभाग विवेक चंदेल आदि मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

