भर्ती को कांगड़ा-चंबा के अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड जारी
पहली अगस्त से धर्मशाला सिंथेटिक मैदान पर ग्राउंड टेस्ट
स्टाफ रिपोर्टर – धर्मशाला
सेना भर्ती कार्यालय पालमपुर ने कांगड़ा और चंबा जिले के अग्निवीर भर्ती वर्ष 2026 के अभ्यर्थियों के लिए ग्राउंड टेस्ट के प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर तकनीकी, अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर तकनीकी, अग्निवीर ट्रेड्समैन (दसवीं उत्तीर्ण) और अग्निवीर ट्रेड्समैन (आठवीं पास) श्रेणियों के अभ्यर्थी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट से अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। ग्राउंड टेस्ट का आयोजन एक से 15 अगस्त तक धर्मशाला स्थित युवा सेवाएं एवं खेल विभाग कांगड़ा हिमाचल प्रदेश के सिंथेटिक ट्रैक पर किया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र में अंकित तिथि और समय के अनुसार ही परीक्षा स्थल पर पहुंचना होगा।
सेना भर्ती कार्यालय पालमपुर के भर्ती निदेशक कर्नल विशाल शाह ने अभ्यर्थियों को निर्देश दिए हैं कि वह अपने साथ मूल दस्तावेज, आधार कार्ड, पैन कार्ड, प्रवेश पत्र, पहचान पत्र तथा क्षतिपूर्ति बांड (इंडेम्निटी बॉन्ड) अनिवार्य रूप से लेकर आएं। यदि किसी अभ्यर्थी को प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में कोई समस्या आती है, तो वह सेना भर्ती कार्यालय पालमपुर से ई-मेल अथवा दूरभाष के माध्यम से संपर्क कर सकते है। उन्होंने यह भी बताया कि अग्निवीर लिपिक, अग्निवीर लिपिक एवं जनरल ड्यूटी, अग्निवीर लिपिक एवं तकनीकी तथा अग्निवीर लिपिक एवं ट्रेड्समैन (दसवीं उत्तीर्ण) श्रेणी के कांगड़ा और चंबा जिले के अभ्यर्थियों के ग्राउंड टेस्ट दो और तीन अक्तूबर 2026 को हमीरपुर के अणु सिंथेटिक ट्रैक में आयोजित किए जाएंगे। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थियों को सेना भर्ती कार्यालय पालमपुर के आधिकारिक व्हाट्सएप चैनल से जुड़े रहने की सलाह दी गई है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

