तीन दशक बाद फिर गगरेट को जिला परिषद अध्यक्ष की कमान

By: Jul 23rd, 2026 12:02 am

स्टाफ रिपोर्टर-गगरेट
करीब तीन दशक बाद इतिहास ने खुद को दोहराया है। वर्ष 1995 में जब जिला परिषद ऊना के अध्यक्ष का पद अनारक्षित श्रेणी में आया था तो पहली बार गगरेट विधानसभा क्षेत्र को यह गौरव मिला था। उस समय कश्मीर सिंह जिला परिषद के पहले अध्यक्ष बने थे। अब लगभग 30 साल बाद एक बार फिर अध्यक्ष पद अनारक्षित होने पर गगरेट विधानसभा क्षेत्र के खाते में यह सम्मान आया है। अंबोटा वार्ड से निर्वाचित भाजपा नेता पवन लंबड़दार जिला परिषद ऊना के नए अध्यक्ष चुने गए हैं। दिलचस्प बात यह भी है कि इस बार जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर ऐसे जनप्रतिनिधियों का कब्जा हुआ है, जो पेशे से ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े हैं।

अध्यक्ष पवन लंबड़दार जहां लंबे समय से ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े हैं, वहीं उपाध्यक्ष अविनाश मनन भी ट्रांसपोर्टर हैं। ऐसे में जिला परिषद के शीर्ष दोनों पद पहली बार ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े प्रतिनिधियों के हाथों में पहुंचे हैं। पवन लंबड़दार मूल रूप से गगरेट विधानसभा क्षेत्र के अंबोटा गांव के निवासी हैं और अनारक्षित जिला परिषद वार्ड अंबोटा से चुनाव जीतकर जिला परिषद पहुंचे हैं। उनकी जीत को भाजपा संगठन और क्षेत्र की जनता ने पार्टी के प्रति वर्षों की निष्ठा का सम्मान माना है। भाजपा के सबसे पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं में शुमार पवन लंबडदार करीब पांच दशक से पार्टी के साथ जुड़े हुए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App