अमरनाथ यात्रा शुरू, प्रधानमंत्री मोदी ने भक्तों को पांच संकल्प लेने के लिए कहा
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर में पवित्र अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले शिव भक्तों को शुभकामनाएं देते हुए यात्रा के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, नियमों का पालन करने और यात्रा के समापन के बाद परिजनों को पौधा भेंट करने जैसे संकल्प लेने को कहा है। प्रधानमंत्री ने अमरनाथ यात्रा शुरू होने के पहले दिन एक संदेश में कहा कि इसमें सम्मिलित होना, अपने आप में बहुत बड़ा सौभाग्य होता है। ज्येष्ठ पूर्णिमा के दिन हुई प्रथम पूजा के साथ ही भक्तों के लिए बाबा बर्फानी के दर्शन का क्रम शुरू हो जाता है।
देश के कोने-कोने में श्रद्धालु इस पावन यात्रा में सम्मिलित होने के लिए तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि हर वर्ष बाबा बर्फानी के प्रत्यक्ष दर्शन का यह अवसर, लाखों शिवभक्तों के लिए जीवन का एक अत्यंत शुभ और अविस्मरणीय अनुभव होता है। मैं इस वर्ष, यात्रा के इस अवसर पर आप सभी शिवभक्तों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। श्री मोदी ने कहा बाबा अमरनाथ के दर्शन की यह यात्रा, भारत की आध्यात्मिक यात्रा परंपरा का एक शाश्वत अध्याय है। हर वर्ष पूरे विश्व से सनातन संस्कृति को मानने वाले लाखों श्रद्धालु इस यात्रा में सम्मिलित होने के लिए जम्मू-कश्मीर पहुंचते हैं। अलग-अलग प्रांतों से, अलग-अलग भाषाएं बोलने वाले और विविध परंपराओं को मानने वाले लोग, महादेव के दर्शन का संकल्प लेकर इस यात्रा को पूरा करते हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

