रेड अलर्ट के बीच हिमाचल में प्रलयकारी बारिश, चंबा में सडक़ धंसी, नाले में फंसी बस

By: Jul 21st, 2026 11:28 am

चंबा। हिमाचल में मौसम विभाग द्वारा जारी रेड अलर्ट के बीच मूसलाधार बारिश हुई। अल सुबह झमाझम बारिश का दौर शुरू हुआ, जो कि सुब साढ़े आठ बजे तक जारी रहा। इस दौरान नदी-नाले उफान पर आ गए। सडक़ों पर चारों तरफ पानी ही पानी नजर आया। चंबा जिला में हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। तीसा-चंबा मुख्य मार्ग पर कंदला नाला उफान पर आने से चांजू से चंबा आ रही एक निजी बस मंगलवार सुबह नाले के बीच फंस गई। बस में 20 से 25 यात्री सवार थे, जिन्हें काफी देर तक बस के भीतर ही इंतजार करना पड़ा।

जलस्तर लगातार बढऩे के कारण चालक ने आगे बढऩे का जोखिम नहीं उठाया। यही नहीं, भटियात उपमंडल में भी बारिश ने खूब कहर ढहाया। लाहडू-नूरपुर मार्ग पर टिक्करगला में तेज बारिश से सडक़ धंस गई और मार्ग का बड़ा हिस्सा नाले में समा गया। कांगड़ा में भारी बारिश से भूस्खलन के समाचार हैं। धर्मशाला के साथ लगते घेरा वन क्षेत्र में हुए भूस्खलन के कारण घेरा पेयजल स्रोत से आने वाली मुख्य पेयजल ट्रांसमिशन लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। इसके चलते धर्मशाला सहित आसपास के क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति प्रभावित हुई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App