राजा विजेंद्र सिंह की स्मृति में बनेगा इंडोर स्टेडियम

By: Jul 3rd, 2026 12:48 am

नालागढ़ में नगर परिषद की बैठक में प्रस्ताव पारित, जमीन मिलने पर आगे बढ़ेगा प्रोजेक्ट
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नालागढ़
पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं नालागढ़ से पांच बार विधायक रहे स्वर्गीय राजा विजेंद्र सिंह के निधन पर गुरुवार को नालागढ़ नगर परिषद के भाजपा समर्थित पार्षदों की आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व विधायक केएल ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान दिवंगत नेता के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उनके जनसेवा, विकास कार्यों और क्षेत्र के प्रति योगदान को याद किया गया। बैठक की शुरुआत दो मिनट का मौन रखकर स्वर्गीय राजा विजेंद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद सर्वसम्मति से शोक प्रस्ताव पारित किया गया। पार्षदों ने कहा कि राजा विजेंद्र सिंह ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में नालागढ़ शहर ही नहींए बल्कि पूरे विधानसभा क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल तथा आधारभूत ढांचे के विकास के लिए उनके योगदान को क्षेत्र की जनता सदैव याद रखेगी। उनका सरल व्यक्तित्व, जनसेवा के प्रति समर्पण और विकासोन्मुख सोच आने वाली पीढिय़ों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। बैठक में सर्वसम्मति से एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किया गया।

प्रस्ताव में कहा गया कि भविष्य में प्रदेश में भाजपा सरकार बनने तथा भूमि उपलब्ध होने की स्थिति में स्वर्गीय राजा विजेंद्र सिंह की स्मृति में नालागढ़ में इंडोर स्टेडियम सह खेल मैदान के निर्माण का प्रयास किया जाएगा। पार्षदों ने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र के युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी और राजा विजेंद्र सिंह की स्मृति को स्थायी सम्मान मिलेगा। पूर्व विधायक केएल ठाकुर ने कहा कि राजा विजेंद्र सिंह ने अपना पूरा जीवन जनता की सेवा और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित किया। नालागढ़ के विकास में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता और उनके द्वारा स्थापित जनसेवा के आदर्श हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे। बैठक में नवनिर्वाचित नगर परिषद अध्यक्ष अल्का बधवार, उपाध्यक्ष राजेश कुमार तथा पार्षद मोनी, पवन कुमार, निशा शर्मा, चंपा देवी और दौलत राम उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने स्वर्गीय राजा विजेंद्र सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त राज परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App