आधा घंटा जाम रहा भरेड़ी बाजार, बसें टकराईं
व्यवस्था पर उठे सवाल; अवैध पाॄकग बनी परेशानी का कारण, लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की उठाई मांग
निजी संवाददाता-भोरंज
भरेड़ी बाजार में सोमवार को सडक़ के दोनों ओर बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के कारण करीब आधे घंटे तक भीषण जाम लगा रहा। जाम के चलते बाजार से गुजरने वाले छोटे-बड़े वाहन लंबी कतारों में फंस गए और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि संकरी सडक़ पर आमने-सामने आ रही निजी बस और जोगिंदरनगर-होशियारपुर रूट की एचआरटीसी बस को निकलने में मुश्किल पेश आई। इसी दौरान दोनों बसों के किनारे आपस में रगड़ खा गए, जिससे दोनों बसें साइड से छिल गईं और उन्हें मामूली नुकसान पहुंचा। स्थानीय लोगों का कहना है कि भरेड़ी बाजार में सडक़ किनारे अव्यवस्थित ढंग से वाहन खड़े करने की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।
सोमवार को भी यही लापरवाही जाम और बसों के क्षतिग्रस्त होने का कारण बनी। लोगों ने बताया कि यदि स्कूलों के नियमित संचालन के दौरान ऐसी स्थिति बनती तो स्कूली बसों, बच्चों और अभिभावकों को और अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता। उन्होंने प्रशासन से समय रहते प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। पपलाह पंचायत के उपप्रधान अंकुश सैणी ने कहा कि पुलिस प्रशासन को इस समस्या का गंभीरता से संज्ञान लेना चाहिए। बाजार में सडक़ किनारे नियमों का उल्लंघन कर खड़े किए जाने वाले वाहनों के खिलाफ नियमित रूप से चालान किए जाएं तथा नो-पार्किंग नियमों को सख्ती से लागू किया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। वहीं ग्रामीण विजय, संजय, राजीव, कमल, राजेश कुमार, विनय, कविता, सविता, राजेंद्र, राज कुमार और विक्रम सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भरेड़ी बाजार में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस और स्थायी कदम उठाए जाएं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई, तो आने वाले दिनों में जाम की समस्या और गंभीर होने के साथ किसी बड़े हादसे का कारण भी बन सकती है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

