भाजपा ने निकाला ‘विजय आभार जुलूस’

By: Jul 5th, 2026 12:49 am

मेयर सुषमा शर्मा बोलीं, जनहित और विकास रहेगा पहली प्राथमिकता, जनता का जताया आभार

निजी संवाददाता-सोलन
नगर निगम चुनाव में शानदार जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी सोलन शहरी मंडल ने शनिवार को शहर में भव्य विजय आभार जुलूस निकालकर मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। जुलूस पुराना पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस से शुरू होकर लोअर बाजार, गंज बाजार, पुराने बस अड्डे और माल रोड से होते हुए पुराने डीसी कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुआ। पूरे मार्ग में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पार्टी के झंडे लहराए तथा नारे लगाकर जीत का उत्सव मनाया। जुलूस में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं, पदाधिकारियों और शहरवासियों ने भाग लिया। जुलूस में नगर निगम की नवनिर्वाचित मेयर सुषमा शर्मा, डिप्टी मेयर गौरव राजपूत और भाजपा के विजयी पार्षद भी शामिल रहे। कार्यकर्ताओं ने सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान मेयर सुषमा शर्मा ने कहा कि नगर निगम चुनाव में सोलन की जनता ने भाजपा पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए पार्टी सदैव आभारी रहेगी। जनता ने विकास, पारदर्शिता और सुशासन के पक्ष में अपना जनादेश दिया है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर निगम में जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगा। शहर के प्रत्येक वार्ड में संतुलित विकास, स्वच्छता, पेयजल, सडक़, स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी टीम समर्पित होकर कार्य करेगी। डिप्टी मेयर गौरव राजपूत ने कहा कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना उनकी पहली जिम्मेदारी है। प्रत्येक वार्ड की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। भाजपा सोलन शहरी मंडल के अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता ने कहा कि नगर निगम चुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत सोलन की जागरूक जनता के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विजय आभार जुलूस जनता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से निकाला गया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और शहरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा चुनाव के दौरान किए गए जनहित के सभी संकल्पों को पूरा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App