परवाणू में पर्ची से जीती भाजपा

By: Jul 10th, 2026 12:50 am

नगर परिषद में अध्यक्ष पद पर भगवा को मिला किस्मत का सहारा, उपाध्यक्ष पद कांग्रेस के नाम
निजी संवाददाता-सोलन
नगर परिषद परवाणू के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के चुनाव में गुरुवार को बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। दोनों पदों के लिए हुए मतदान में भाजपा और कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों को बराबर 5-5 मत मिले। मतों की बराबरी होने पर निर्धारित नियमों के अनुसार पर्ची (लॉटरी) के माध्यम से विजेता का फैसला किया गया। पर्ची के जरिए हुए निर्णय में भाजपा समर्थित ठाकुर दास शर्मा अध्यक्ष निर्वाचित हुए, जबकि उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित निर्दलीय मोहन लाल आजाद ने जीत दर्ज की। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा ने ठाकुर दास शर्मा और कांग्रेस ने निशा शर्मा को उम्मीदवार बनाया था। वहीं उपाध्यक्ष पद पर भाजपा की ओर से रामध्यान सिंह और कांग्रेस समर्थित निर्दलीय मोहन लाल आजाद मैदान में थे। मतदान और मतगणना के बाद दोनों पदों पर बराबर मत मिलने से चुनाव रोचक हो गया। इसके बाद पर्ची से विजेताओं का चयन किया गया। चुनाव प्रक्रिया के दौरान कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

परिणाम घोषित होते ही नगर परिषद परिसर में समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। विजयी प्रत्याशियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया तथा ढोल-नगाड़ों और मिठाई बांटकर जीत का जश्न मनाया गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष ठाकुर दास शर्मा ने सभी पार्षदों और नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी को साथ लेकर नगर परिषद का संचालन करेंगे। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, सडक़, स्ट्रीट लाइट और अन्य आधारभूत सुविधाओं में सुधार को अपनी प्राथमिकता बताया। उपाध्यक्ष मोहन लाल आजाद ने भी सभी पार्षदों का धन्यवाद करते हुए कहा कि वे बिना किसी भेदभाव के जनहित और नगर परिषद के विकास के लिए कार्य करेंगे। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर अलग-अलग दलों के समर्थित प्रत्याशियों की जीत के बाद नगर परिषद में नए राजनीतिक समीकरणों, आपसी समन्वय को लेकर चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।

नगर परिषद चुनाव के बाद परवाणू की राजनीति में बदले समीकरण
नगर परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव परिणाम के बाद परवाणू की स्थानीय राजनीति में नए समीकरण बनने की चर्चा भी तेज हो गई है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर अलग-अलग दलों के समर्थित प्रत्याशियों की जीत आने वाले समय में नगर परिषद की कार्यप्रणाली को दिलचस्प बना सकती है। दोनों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के सामने नगर परिषद के विकास कार्यों को गति देने, जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।

कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने कहा
कसौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने नगर परिषद परवाणू के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष चुनाव के बाद कहा कि पूरी चुनाव प्रक्रिया पर्ची के माध्यम से शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न हुई। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का स्पष्ट उद्देश्य प्रदेश में विकास कार्यों को गति देना और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

पूर्व मंत्री डा. राजीव सहजल ने कहा
पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता डा. राजीव सहजल ने नगर परिषद परवाणू में भाजपा समर्थित अध्यक्ष के चुने जाने पर खुशी जताई। यह जीत परवाणू की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है।

प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष डेजी ठाकुर ने कहा
भाजपा नेत्री एवं प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष डेजी ठाकुर ने परवाणू नगर परिषद में भाजपा समर्थित अध्यक्ष के निर्वाचित होने पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।

ठाकुर दास शर्मा के घर बधाई देने वालों का लगा तांता, 10 साल बाद भाजपा को मिला अध्यक्ष
नगर परिषद परवाणू में अध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित ठाकुर दास शर्मा के निर्वाचित होने के बाद उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय लोग उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर शुभकामनाएं देने पहुंचे। 10 साल बाद नगर परिषद में भाजपा का अध्यक्ष बनने से कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जीत की खुशी में मिठाइयां बांटी गई, कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App