संगठन की मजबूती ही भाजपा की बड़ी ताकत

By: Jul 10th, 2026 12:52 am

सांसद अनुराग ठाकुर ने शाहतलाई में कार्यकर्ताओं को दिया संगठन विस्तार का मंत्र
टीम- शाहतलाई (बिलासपुर)
आगामी हिमाचल विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ गुरुवार को बाबा बालकनाथ की तपोभूमि शाहतलाई में हुआ। प्रशिक्षण वर्ग के पहले दिन सात सत्रों में पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूती, बूथ प्रबंधन, विचारधारा, सोशल मीडिया, नई तकनीक और प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों पर मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने ने कहा भाजपा महज एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ काम करने वाला वैचारिक संगठन है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग, अनुशासित और समर्पित रहे, क्योंकि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति है।

इसके बाद पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग ने बूथ प्रबंधन पर प्रशिक्षण देते हुए कहा कि चुनावी सफलता का आधार बूथ स्तर पर मजबूत संगठन होता है। उन्होंने बूथ समितियों को सक्रिय बनाने और मतदाताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया। संगठन मंत्री सिद्धार्थन ने कार्यकर्ता विकास, दायित्वबोध और संगठनात्मक अनुशासन पर मार्गदर्शन दिया। विधायक त्रिलोक जमवाल ने वैचारिक अधिष्ठान, एकात्म मानव दर्शन, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और पंच निष्ठा जैसे विषयों पर चर्चा की। प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक सुशील राठौर और जिला आईटी संयोजक सुनील राणा ने मीडिया, सोशल मीडिया, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी। अंत में विधायक जीतराम कटवाल ने प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों और विपक्ष की भूमिका पर विचार रखे। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर जनविरोधी निर्णय लेने के आरोप लगाया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App