स्वास्थ्य और कार्य संतुलन पर मंथन

By: Jul 28th, 2026 12:01 am

डॉ. शिखा शर्मा ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिए बेहतर स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन के मंत्र

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
आयकर दिवस के अवसर पर मुख्य आयकर आयुक्त, शिमला कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए स्वस्थ जीवनशैली एवं कार्य-जीवन संतुलन विषय पर विशेष संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. शिखा शर्मा (एमडी) ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि बेहतर स्वास्थ्य प्रभावी कार्यक्षमता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ कर्मचारी अपने दायित्वों का अधिक ऊर्जा, सकारात्मक सोच और दक्षता के साथ निर्वहन करते हैं, जिससे संस्थान और समाज दोनों को लाभ मिलता है। डॉ. शर्मा ने अपने संबोधन में संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद, मानसिक स्वास्थ्य और व्यावसायिक व व्यक्तिगत जीवन के बीच संतुलन बनाए रखने के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कर्मचारियों से अनियमित दिनचर्या से बचने और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।

संगोष्ठी के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, जीवनशैली और कार्य के बढ़ते दबाव से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे। डॉ. शर्मा ने सभी सवालों के व्यावहारिक और उपयोगी सुझाव देते हुए नियमित व्यायाम, संतुलित खानपान तथा सकारात्मक सोच अपनाने की सलाह दी। इस अवसर पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों को आयकर दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में आयकर विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका, पारदर्शिता, जनसेवा और करदाताओं के प्रति उत्तरदायित्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, कार्य-जीवन संतुलन बनाए रखने और बेहतर कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। यह संगोष्ठी स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App