बुलेट पटाखा ‘फुस्स’… पुलिस ने काटा दस हजार का चालान
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पर लिया एक्शन, बाइक को ट्रेस कर हटाया मॉडिफाइड साइलेंसर
स्टाफ रिपोर्टर-दौलतपुर चौक
नगर पंचायत दौलतपुर चौक के बस स्टैंड और मुख्य बाजार क्षेत्र में मॉडिफाइड बुलेट मोटरसाइकिलों से तेज धमाकेदार आवाजें निकालकर लोगों को परेशान करने वाले युवकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने संबंधित बुलेट मोटरसाइकिल को ट्रेस किया, उसका अवैध रूप से लगाया गया मॉडिफाइड साइलेंसर मौके पर ही हटवाया और मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालक का 10,000 का चालान किया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में ऐसे हुल्लड़बाज वाहन चालकों में हडक़ंप मच गया है। जानकारी के अनुसार पिछले कुछ दिनों से कुछ युवक बस स्टैंड, मुख्य बाजार और आसपास के क्षेत्रों में बुलेट मोटरसाइकिलों के मॉडिफाइड साइलेंसर से तेज धमाकेदार आवाजें निकालते हुए बार-बार चक्कर लगा रहे थे।
कई मामलों में ट्रिपल राइडिंग भी देखने को मिली। अचानक होने वाले इन धमाकों से राहगीर, दुकानदार, बुजुर्ग, महिलाएं, छात्राएं और छोटे बच्चे दहशत में आ जाते थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह केवल शौक का प्रदर्शन नहीं बल्कि सार्वजनिक शांति भंग करने के साथ-साथ सडक़ सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बन चुका था। एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन की पहचान की गई। वाहन से अवैध साइलेंसर हटवाने के साथ चालक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत 10,000 का चालान किया गया। इसके इलावा कुछ अन्य वाहनों पर भी कार्रवाई की गई है। वहीं पुलिस ने सख्त निर्देश दिए हैं।
व्यापार मंडल ने सराही पुलिस की कार्यप्रणाली
दौलतपुर चौक व्यापार मंडल के प्रधान राजीव राजू ने पुलिस की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि बाजार, बस स्टैंड और शिक्षण संस्थानों के आसपास तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों के खिलाफ नियमित अभियान चलाया जाना चाहिए। उनका कहना है कि ध्वनि प्रदूषण और हुल्लड़बाजी पर सख्ती से अंकुश लगने से आम लोगों को राहत मिलेगी तथा बाजार का वातावरण अधिक सुरक्षित और शांत रहेगा।
सडक़ हादसे के गंभीर घायल की पीजीआई में मौत
अंब। थाना अंब के तहत एक सडक़ दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की पीजीआई में मौत हो गई है। मृतक की पहचान कमलजीत सिंह पुत्र गुरदास राम निवासी भदसाली तहसील हरोली जिला ऊना के रूप में हुई है। पुलिस को दी शिकायत में हंबोली निवासी गुरभाग सिंह ने बताया कि 8 जुलाई की रात उनके बेटे ऋषभ चौधरी की शादी थी। बारात धुसाड़ा स्थित सरगम पैलेस के लिए रवाना होने वाली थी। रात करीब 10 बजे जब परिवार के सदस्य और रिश्तेदार सडक़ पार कर रहे थे, तभी उनके रिश्तेदार कमलजीत सिंह, जो पहले ही सडक़ पार कर किनारे खड़े थे, को बड़ूही की ओर से तेज रफ्तार से आ रही एक मोटरसाइकिल ने टक्कर मार दी। शिकायतकर्ता के अनुसार मोटरसाइकिल पर तीन युवक सवार थे। हादसे के बाद चालक और उसके साथी मोटरसाइकिल उठाकर मौके से फरार हो गए। सडक़ दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल कमलजीत सिंह को पहले क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया, जहां से डॉक्टर ने गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।लेकिन उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

