हिमाचल की अनदेखी कर रही केंद्र सरकार, विनय कुमार बोले, जनता को बताएंगे भाजपा की जनविरोधी नीतियां

By: Jul 28th, 2026 12:07 am

कार्यालय संवाददाता — नूरपुर

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार हिमाचल प्रदेश के साथ निरंतर सौतेला व्यवहार कर रही है। आपदा से लेकर राज्य के अधिकारों और आर्थिक सहायता के मामलों में केंद्र का रुख निराशाजनक रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्रकी जनविरोधी नीतियों और राज्य विरोधी रवैये को लेकर कांग्रेस पार्टी जनता के बीच जाएगी और लोगों को जागरूक करेगी। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार अपने नूरपुर दौरे के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं से रू-ब-रू हुए और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर संगठन की तैयारियों का खाका खींचा।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आम जनता, किसानों, युवाओं और कर्मचारियों के हक की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी के संघर्ष व विकास कार्यों के दम पर आगामी विधानसभा चुनावों में हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ कांग्रेस की सरकार बनेगी।

जल्द बनेगी नई कार्यकािरणी

विनय कुमार ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी आगामी चुनावों के लिए पूरी तरह कमर कस चुकी है और प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर पार्टी के ढांचे को पुनर्गठित और मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि बहुत जल्द कांग्रेस की नई कार्यकारिणी का गठन कर दिया जाएगा। हमारी प्राथमिकता संगठन को केवल कागजों तक सीमित न रखकर हर एक बूथ स्तर तक सशक्त बनाने की हैए ताकि हर कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभा सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App