केंद्र ने पेपर लीक में कार्रवाई की, जयराम बोले, युवाओं के भविष्य से हरगिज नहीं होगा खिलवाड़
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि नीट परीक्षा में अनियमितताओं के मामले में केंद्र सरकार ने तत्काल सख्त कदम उठाए। मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई, दोषियों की गिरफ्तारी हुई, कानून के तहत कार्रवाई की गई और पुनर्परीक्षा भी कराई गई। अब परीक्षा का परिणाम भी घोषित हो चुका है तथा दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई जारी है। केंद्र सरकार ऐसे प्रावधान कर रही है, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाएं न हो सकें। इससे स्पष्ट है कि केंद्र सरकार ने युवाओं के भविष्य से जुड़े मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती है।
दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने पेपर लीक के मामले में सीबीआई द्वारा जिम्मेदार ठहराए गए अधिकारियों को पुरस्कृत किया। जिन अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठे, उन्हें जिम्मेदारी तय करने के बजाय महत्त्वपूर्ण पदों पर नियुक्त किया गया। जयराम ठाकुर ने कहा कि हालिया पुलिस भर्ती परीक्षा में भी पेपर लीक के साक्ष्य सामने आए, मनी ट्रेल तक पकड़ी गई, लेकिन सरकार ने मामले को दबाने का प्रयास किया। मास चीटिंग के आरोप लगे। आरोप लगाने वाले छात्रों ने पूरी घटना का विवरण बताया, लेकिन सरकार ने एक बार भी उनकी बात नहीं सुनी। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नीट के मुद्दे पर युवाओं को भडक़ाकर और अराजकता फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

