साढ़े चार घंटे बंद रहा चंबा-तीसा मार्ग
रखालू माता मंदिर के पास पहाड़ी दरकने से सडक़ पर आ गिरी चट्टानें और मलबा, वाहनों की लंबी कतारें
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर शनिवार दोपहर बाद रखालू माता मंदिर के समीप पहाड़ी दरकने से भारी-भरकम चट्टानें और मलबा आ गिरने से करीब साढे चार घंटे वाहनों की आवाजाही ठप्प रही। इस दौरान मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। मार्ग बंद होने के चलते तीसा के विभिन्न रूटों की निजी व सरकारी बसें भी बीच राह में फंस गई। इस कारण बसों व वाहनों में सवार लोगों को चिलचिलाती धूप में घंटों मार्ग खुलने का इंतजार करना पड़ा। लोक निर्माण विभाग की टीम ने जेसीबी मशीनों के सहयोग से मार्ग पर गिरी भारी-भरकम चट्टानों व मलबे को हटाकर शनिवार शाम करीब पांच बजे वाहनों की आवाजाही को बहाल करने में सफलता हासिल की। इसके बाद ही बीच राह में वाहनों सहित फंसे लोगों ने गंतव्य की राह पकड़ी। जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर बाद रखालू माता मंदिर के समीप अचानक पहाड़ी दरक गई।
इससे पहाड़ी के बड़े हिस्से से भारी-भरकम चट्टानें व मलबा नीचे मार्ग पर आ गिरा। इससे मार्ग पर वाहनों के पहिये पूरी तरह थम गए। गनीमत यह रही कि पहाड़ी के दरकने के दौरान मार्ग से कोई वाहन या व्यक्ति नहीं गुजर रहा था। अन्यथा घटना में जान व माल के नुकसान की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता था। इसी बीच तीसा मुख्य मार्ग के बंद होने की सूचना लोक निर्माण विभाग को दी गई। सूचना पाते ही लोक निर्माण विभाग की टीम ने जेसीबी मशीनों संग फील्ड स्टाफ को मौके पर भेजकर युद्धस्तर पर यातायात बहाली के लिए काम आरंभ कर दिया। मार्ग पर गिरी भारी-भरकम चट्टानों को हटाने में विभागीय टीम को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। शनिवार शाम को करीब पांच बजे तीसा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही आरंभ हो पाई।
अधिकारी के बोल
लोक निर्माण विभाग नकरोड़ उपमंडल के सहायक अभियंता ईं. संजीव अत्री ने बताया कि रखालू माता मंदिर के पास भूस्ख्लन होने से करीब साढे चार घंटे वाहनों की आवाजाही बाधित हुई है। उन्होंने बताया कि चट्टानें व मलबा हटाकर वाहनों की आवाजाही को बहाल कर दिया गया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

