कुटलैहड़ में डे-बोर्डिंग स्कूल के लिए एक करोड़ मंजूर

By: Jul 4th, 2026 11:44 pm

विधायक विवेक शर्मा ने सीएम से की थी मुलाकात, विकास पर हुई थी चर्चा

स्टाफ रिपोर्टर-बंगाणा
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिली है। राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कुटलैहड़ में प्रस्तावित डे बोर्डिंग स्कूल के निर्माण कार्य के लिए एक करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। इस घोषणा के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। विधायक विवेक शर्मा ने इसे कुटलैहड़ के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को विधायक विवेक शर्मा ने शिमला में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात की। लगभग आधे घंटे तक चली इस बैठक में कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों और नई परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इसी दौरान विधायक ने क्षेत्र में डे बोर्डिंग स्कूल स्थापित करने की मांग े मुख्यमंत्री के समक्ष रखी, जिसे स्वीकार करते हुए एक करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत कर दी। विधायक ने बताया कि डे बोर्डिंग स्कूल के लिए कुटलैहड़ के बॉल क्षेत्र में भूमि का चयन पहले ही किया जा चुका है।

मेरा सपना था बच्चों को मिले घरद्वार अच्छी शिक्षा

कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का कुटलैहड़ की जनता की ओर से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डे बोर्डिंग स्कूल खोलना उनका सपना था, जो अब साकार होने की दिशा में बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य है कि कुटलैहड़ के बच्चों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों का रुख न करना पड़े, बल्कि उन्हें अपने घर के पास ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त शिक्षा उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि डे बोर्डिंग स्कूल बनने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण संसाधन तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी और अभिभावकों को भी अपने बच्चों की शिक्षा के लिए बाहर भेजने की आवश्यकता कम होगी।

तूतडू-हटली, तल्पी सडक़ के लिए 23 करोड़ मंजूर
बंगाणा। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी सौगात देते हुए बंगाणा-तूतडू तथा हटली-तल्पी (वाया पीपलू, धनेटा) सडक़ के चौड़ीकरण, सुधार और मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड (एमडीआर) के रूप में विकसित करने के लिए लगभग 23 करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत की गई है। क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा के लगातार प्रयासों के बाद मिली इस स्वीकृति से दोनों महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों की तस्वीर बदलने की उम्मीद है। सडक़ों का चौड़ीकरण होने के साथ-साथ तीखे और खतरनाक मोड़ों को भी समाप्त किया जाएगा, जिससे आम लोगों, श्रद्धालुओं और वाहन चालकों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा। विधायक विवेक शर्मा ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू तथा लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार कुटलैहड़ क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है और जनता की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जा रही है। कुटलैहड़ की स्वीकृत परियोजना के तहत बंगाणा-तूतडू सडक़ और हटली-तल्पी सडक़ का व्यापक सुधार किया जाएगा। सडक़ की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी, तीखे मोड़ों को वैज्ञानिक तरीके से सुधारा जाएगा तथा यात्रा को अधिक सुरक्षित बनाया जाएगा। इसके अतिरिक्त यात्रियों की सुविधा के लिए प्रत्येक दो किलोमीटर की दूरी पर सुलभ शौचालयों का निर्माण भी प्रस्तावित है। इससे बाहरी राज्यों से आने वाले यात्रियों और श्रद्धालुओं को भी बड़ी राहत मिलेगी। लोक निर्माण विभाग द्वारा सडक़ को आधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित किए जाने से भविष्य में यातायात का दबाव भी आसानी से संभाला जा सकेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App