सीजेपी ने दी दोबारा आंदोलन की चेतावनी, कहा; सरकार ने समझौता तोड़ा, देशभर में सैकड़ों छात्र अरेस्ट
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
आंदोलन खत्म करने के दो दिन बाद ही कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी का दावा करते हुए सरकार को फिर से आंदोलन की धमकी दे डाली है। सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों से छात्रों और प्रदर्शनकारियों को निशाना बनाए जाने, हिरासत में लिए जाने और गिरफ्तारी की खबरें आ रही हैं। यह वादाखिलाफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अगर मंगलवार तक सारी एफआईआर वापस नहीं ली गईं, तो फिर से आंदोलन पर विचार किया जाएगा। दिल्ली में हुई इस प्रेस कान्फ्रेंस में सीजेपी नेता आशुतोष रांका, सौरव दास के साथ एडवोकेट कपिल सिब्बल भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि मेरा रोल इस पार्टी के कानूनी मसलों में मदद करना है। सीजेपी ने कहा कि हमने एक पोर्टल लांच किया है, जिसके जरिए पीडि़त छात्र अपनी परेशानी शेयर कर सकते हैं।
वे केस इन्फॉर्मेशन और वीडियो भी शेयर कर सकते हैं। सीजेपी ने दावा किया कि असम, पश्चिम बंगाल और बिहार में खास तौर पर एजेंसियां प्रदर्शन करने वाले छात्रों को टारगेट कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के इस वादे के बाद कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सारी एफआईआर वापस ली जाएंगी और भविष्य में भी कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी, यह प्रदर्शन खत्म किया गया था। हालांकि जो रिपोर्ट सामने आ रही हैं, वे चिंताजनक हैं। हमारी लीगल टीम संबंधित राज्यों में ऐक्टिव है और हिरासत में लिए गए लोगों को छुड़ाने की पूरी कोशिश कर रही है। सरकार को अपने वादे पर कायम रहना होगा। अब अगर सरकार अपने वादे से मुकरती है, तो यह न केवल कॉकरोच जनता पार्टी के साथ धोखा होगा, बल्कि देश के लाखों युवाओं को ठगना होगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

