ग्लास्गो में राष्ट्रमंडल खेलें आज से, स्कॉटलैंड में जुटेंगे खिलाड़ी, भारतीय पेश करेंगे मजबूत दावेदारी

By: Jul 23rd, 2026 12:08 am

एजेंसियां— नई दिल्ली

फीफा विश्व कप खुमारी अभी उतरी भी नहीं है कि खेलप्रमियों को अपनी गिरफ्त में लेने को तैयार हैं राष्ट्रमंडल खेल। इस बार इसका आयोजन स्कॉटलैंड के शहर ग्लास्गो में हो रहा है। 23 अगस्त को उद्घाटन समारोह ग्लासगो के ओवीओ हाइड्रो स्टेडियम में होगा। यह इन खेलों का 23वां संस्करण है। इन खेलों के लिए आधिकारिक शुभंकर ‘फिन्नी द यूनिकॉर्न’ बनाया गया है। यह चौथा अवसर है, जब स्कॉटलैंड में इन खेलों का आयोजन किया जा रहा है। इससे पहले यहां 1970 और 1986 में एडनबर्ग और 2014 में ग्लासगो में ही ये खेल हुए थे।

राष्ट्रमंडल खेलों में 1994 विक्टोरिया के बाद से यह सबसे कम स्पर्धाओं वाले खेल हैं। भारत ने इस खेलों के लिए 125 खिलाडिय़ों का दल भेजा है। इनमें 77 पुरुष और 48 महिला खिलाड़ी हैं। ये आठ खेलों में दावा पेश करेंगे। 10 खेलों में कुुल 215 स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा छह पैरा खेल में होंगे। 74 खेलों के करीब 3000 से भी ज्यादा खिलाड़ी लेंगे हिस्सा।

खेलों में इस बार नहीं होगी कुश्ती, शीर्ष पांच में पहुंचना चुनौती

पिछली बार की अपेक्षा इस बार भारत के पदक के दावे बेशक कम होंगे, क्योंकि पिछली बार कुल 11 खेल थे। भारत ने पिछली बार सर्वाधिक 12 पदक कुश्ती में हासिल किए थे, जो इस बार इन खेलों में नहीं है। इसके अलावा पिछली बार सात पदक टेबल टेनिस में, दो स्क्वॉश, दो हॉकी, एक क्रिकेट और छह पदक बैडमिंटन में भी भारतीय खिलाडिय़ों ने हासिल किए थे। ऐसे में पदक तालिका में भारत के लिए इस बार शीर्ष पांच में रहना आसान नहीं होगा।

इन खेलों में भागीदारी

लयात्मक जिम्नास्टिक्स, एथलेटिक्स, बॉल्स, मुक्केबाजी, जूडो, तैराकी, ट्रैक साइकिलिंग और भारोत्तोलन।

भारत के सितारे

भारतीय खेल प्रेमियों की निगाहें कुछ प्रमुख एथलीटों पर रहेंगी। इनमें नीरज चोपड़ा (जेवलिन थ्रो), सर्वेश कुशारे (ऊंची कूद), मुरली श्रीशंकर (ऊंची कूद), प्रवीण चित्रावेल (तिहरी कूद), तेजस शिरसे (110 मीटर बाधा दौड़), पारुल चौधरी (3000 मीटर स्टीपलचेज और 5000 मीटर), गुलवीर सिंह (10 हजार मीटर दौड़), मीराबाई चानू (भारोत्तोलन), लवलीना बोरगोहेन, प्रीति पंवार, जैस्मिन लेंबोरिया और नरेंदर बेरवाल (सभी मुक्केबाजी)।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App