गेहल में नया ट्रांसफॉर्मर लगाने की मांग

By: Jul 5th, 2026 12:46 am

बार-बार जल रहे ट्रांसफॉर्मर से 60 परिवार परेशान, पंचायत की चेतावनी, समाधान नहीं हुआ तो होगा प्रदर्शन
निजी संवाददाता-नौहराधार
गेहल पंचायत के प्रधान ओपी ठाकुर ने बिजली विभाग से गांव की वर्षों पुरानी विद्युत समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि 30 जून को हुई भारी बारिश के दौरान गांव का 25 केवी का ट्रांसफॉर्मर जल गया था, जिससे पूरा गांव पांच से छह दिनों तक अंधेरे में डूबा रहा। इस दौरान करीब 60 परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रधान ने बताया कि संबंधित ट्रांसफॉर्मर पिछले छह से आठ महीनों से लगातार खराब हो रहा है, जिससे बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। उन्होंने नए ट्रांसफॉर्मर की उपलब्धता के लिए बिजली विभाग का आभार जताया, लेकिन कहा कि ट्रांसफॉर्मर की वर्तमान लोकेशन सबसे बड़ी समस्या बनी हुई है। उन्होंने बताया कि मुख्य सडक़ से ट्रांसफॉर्मर तक पहुंचने के लिए 500 से 700 मीटर की कठिन पहाड़ी चढ़ाई करनी पड़ती है। चार से पांच क्विंटल वजनी ट्रांसफॉर्मर को ग्रामीणों और विभागीय कर्मचारियों को कंधों पर उठाकर ले जाना पड़ता है।

ओपी ठाकुर ने कहा कि पंचायत भवन के समीप मुख्य सडक़ मात्र 100 से 150 मीटर की दूरी पर है। यदि ट्रांसफॉर्मर को वहां स्थानांतरित कर दिया जाए तो भविष्य में उसके रखरखाव, मरम्मत और बदलने का कार्य काफी आसान हो जाएगा। स्थानीय निवासी राजेंद्र और सूर्या ने बताया कि गांव की बढ़ती बिजली जरूरतों के लिए मौजूदा 25 केवी का ट्रांसफॉर्मर पर्याप्त नहीं है। उन्होंने गांव के लिए 63 केवी क्षमता का नया ट्रांसफॉर्मर स्वीकृत करने की मांग की। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से ट्रांसफॉर्मर को शीघ्र मुख्य सडक़ के पास पंचायत भवन के निकट स्थानांतरित करने तथा 63 केवी क्षमता का नया ट्रांसफॉर्मर लगाने की मांग की है, ताकि इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके। प्रधान ओपी ठाकुर ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीण लोकतांत्रिक तरीके से बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन और नारेबाजी करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App