जमनीवाला रोड की स्थायी मरम्मत की मांग तेज
बरसात में फिर बिगडऩे का अंदेशा, स्थानीय लोगों ने पीडब्ल्यूडी की अस्थायी मरम्मत पर उठाए सवाल
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
पांवटा साहिब के जमनीवाला रोड की बदहाल स्थिति लंबे समय से स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। सडक़ की जर्जर हालत को लेकर सोशल मीडिया और समाचार पत्रों में लगातार खबरें प्रकाशित होने के बावजूद लोक निर्माण विभाग द्वारा स्थायी मरम्मत के बजाय केवल गड्ढों में मिट्टी डालकर अस्थायी सुधार किया जा रहा है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल ही में सडक़ पर बने गहरे गड्ढों को मिट्टी से भरा गया है, लेकिन पहली ही बारिश में यह मिट्टी बह जाएगी और सडक़ फिर से पहले जैसी खस्ताहाल हो जाएगी। उनका कहना है कि इससे दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाएगा। स्थानीय निवासी राजेश कुमार ने बताया कि सडक़ पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। गड्ढों और उबड़-खाबड़ रास्ते के कारण स्कूली बच्चों, कर्मचारियों, मरीजों और आम लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं एक दुकानदार ने बताया कि रात के समय गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे बाइक सवार अक्सर फिसलकर गिर जाते हैं।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि अस्थायी मरम्मत के बजाय सडक़ का गुणवत्तापूर्ण और स्थायी निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। उनका कहना है कि केवल तारकोल से सडक़ का पुनर्निर्माण ही इस समस्या का स्थायी समाधान है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल यातायात सुचारू रखने के लिए गड्ढों को भरा जा रहा है। मानसून समाप्त होने के बाद सडक़ की स्थायी मरम्मत के लिए प्रस्ताव तैयार कर कार्य शुरू किया जाएगा। हालांकि स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि समय रहते पक्का समाधान नहीं किया गया तो बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

