डिप्टी सीएम ने मां बज्रेश्वरी का लिया आशीर्वाद

By: Jul 28th, 2026 12:02 am

नगर संवाददाता- कांगड़ा
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता श्री बज्रेश्वरी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, विधायक हरदीप सिंह बावा, पूर्व विधायक चंद्रशेखर, पूर्व विधायक अजय महाजन, पूर्व विधायक सुरेंद्र काकू, हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। पूजा-अर्चना के उपरांत उपमुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया।

इस दौरान एसडीएम कांगड़ा एवं मंदिर अधिकारी अंजलि गर्ग ने उन्हें मंदिर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों, श्रद्धालुओं को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं तथा प्रस्तावित बज्रेश्वरी मंदिर मास्टर प्लान की विस्तृत जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार के आगे से गुजर रही बिजली की तारों को शीघ्र हटाने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए। इस अवसर पर मंदिर के कांट्रैक्ट कर्मचारियों ने अपनी सेवाओं को नियमित करने संबंधी ज्ञापन उपमुख्यमंत्री को सौंपा। उपमुख्यमंत्री ने कर्मचारियों को उनकी मांगों पर नियमानुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मौके पर कांग्रेसी नेता राजेश राजा, आशीष शर्मा, मंदिर ट्रस्ट के सदस्य उमाकांत शर्मा, उमेश शर्मा, मंदिर अधिकारी व विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

चाय की दुकान पर रुके डिप्टी सीएम, बुजुर्ग का जाना हाल
कांगड़ा । ब्रजेश्वरी मंदिर में माथा टेकने के बाद जब प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री वापस लौट रहे थे, तो उनकी नजर मंदिर परिसर के समीप चाय की दुकान चला रहे एक बुजुर्ग दुकानदार पर पड़ी। अपने साथ चल रहे नेताओं और अधिकारियों से अलग होकर उपमुख्यमंत्री सीधे बुजुर्ग की दुकान पर पहुंचे और उनसे आत्मीयता के साथ बातचीत की। उपमुख्यमंत्री ने बुजुर्ग दुकानदार का हालचाल जानने के साथ-साथ उनके परिवार के बारे में भी विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि परिवार में कितने सदस्य हैं, आजीविका का मुख्य साधन क्या है। बुजुर्ग ने अपनी रोजमर्रा की जिंदगी और परिवार की स्थिति के बारे में उपमुख्यमंत्री को जानकारी दी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App