ठठल के दो सरकारी स्कूलों में पहुंचे शिक्षा उपनिदेशक

By: Jul 5th, 2026 12:50 am

अधिकारी ने छात्रों से पाठ्य पुस्तकों और सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे, किया मार्गदर्शन
नगर संवाददाता-ऊना
उप निदेशक (शिक्षा गुणवत्ता) अनिल कुमार तक्खी ने शनिवार को निरीक्षण दल के साथ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ठठल और राजकीय प्राथमिक पाठशाला ठठल का नियमित निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं का दौरा कर विद्यार्थियों के अधिगम स्तर का आकलन किया और उनसे पाठ्यपुस्तकों व सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे। अनिल कुमार तक्खी ने विद्यार्थियों को करियर काउंसिलिंग के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को समय रहते अपना लक्ष्य तय कर उसके अनुरूप मेहनत और अनुशासन के साथ अध्ययन करना चाहिए।

उन्होंने शिक्षकों से भी विद्यार्थियों की रुचि और क्षमता के अनुसार उनका मार्गदर्शन करने का आग्रह किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों के बिल्डिंग फंड, स्काउट एवं गाइड, मिड-डे मील, आपदा प्रबंधन योजना सहित विभिन्न प्रशासनिक अभिलेखों की जांच की गई। सभी रिकॉर्ड अद्यतन और सुव्यवस्थित पाए गए। निरीक्षण दल ने विद्यालय परिसर की स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, शौचालयों की स्थिति, मानसून के मद्देनजर सुरक्षा तैयारियों तथा मिड-डे मील की गुणवत्ता का जायजा लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App