गुरु पूर्णिमा पर कोटला कलां आश्रम में उमड़े भक्त

By: Jul 28th, 2026 12:01 am

प्रभु प्रवचनों से श्रद्धालु हुए भावविभोर, राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज ने दिया सेवा, प्रेम और सद्भाव का संदेश

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज आश्रम श्री राधाकृष्ण मंदिर, कोटला कलां में गुरु पूर्णिमा (व्यास पूजा) महोत्सव के अवसर पर आयोजित धार्मिक सम्मेलन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। जिला ऊना सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों भक्तों ने लंबी कतारों में लगकर बाबा बाल जी महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। आश्रम परिसर दिनभर जय श्री राधे-कृष्ण और गुरु महिमा के जयघोष से गूंजता रहा। इस अवसर पर बाबा बाल जी महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि गुरु जीवन में सही मार्ग दिखाने का कार्य करता है और मनुष्य को अज्ञान से ज्ञान की ओर ले जाता है। उन्होंने सेवा, प्रेम, करुणा और परोपकार को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति ईश्वर का स्मरण करते हुए मानव सेवा को अपना धर्म बना लेता है, उसके जीवन में कभी निराशा नहीं आती। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सद्भाव और संस्कारयुक्त जीवनशैली अपनाने का भी आह्वान किया। गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान विशेष पूजा-अर्चना, व्यास पूजन, भजन-कीर्तन और सत्संग का आयोजन किया गया। भजन मंडलियों की प्रस्तुतियों से वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं के लिए विशाल लंगर की व्यवस्था भी की गई, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। आश्रम के सेवादार पूरे समर्पण भाव से श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे रहे।

भोजन वितरण, पेयजल, चिकित्सा सहायता और पार्किंग सहित सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहीं, जिससे दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। श्रद्धालुओं ने बाबा बाल जी महाराज का आशीर्वाद लेकर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और विश्व कल्याण की कामना की। आश्रम प्रबंधन ने बताया कि गुरु पूर्णिमा महोत्सव के उपलक्ष्य में धार्मिक सम्मेलन आगामी दिनों तक जारी रहेगा, जिसमें प्रतिदिन प्रभु प्रवचन, भजन-कीर्तन, सत्संग और लंगर का आयोजन होगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। गुरु पूर्णिमा महोत्सव के चलते कोटला कलां का पूरा क्षेत्र श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App