ईमानदारी और मेहनत न छोड़ें, कामयाबी जरूर मिलेगी
औहर स्कूल में तकनीकी शिक्षा मंत्री ने छात्रों का किया मार्गदर्शन, 55 लाख देने का ऐलान
निजी संवाददाता-भगेड़
तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि जीवन में स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन, ईमानदारी और निरंतर मेहनत सफलता की असली कुजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि और क्षमता को पहचानते हुए लक्ष्य निर्धारित करने तथा उसे पाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से प्रयास करने का आह्वान किया। मंत्री गुरुवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला औहर में आयोजित विद्यार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने मंत्री से उनके विद्यार्थी जीवन और संघर्षों से जुड़े सवाल पूछे। अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत, ईमानदारी और दृढ़ संकल्प ने उन्हें आगे बढऩे की प्रेरणा दी। विद्यार्थियों द्वारा जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि पूछे जाने पर मंत्री ने कहा, ‘मेरे जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि मैंने कभी अपना ईमान नहीं बेचा।’
इस पर विद्यार्थियों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विद्यालय के खेल मैदान और शौचालयों की स्थिति में सुधार की मांग रखी। मंत्री ने दोनों कार्यों के लिए 55 लाख रुपये उपलब्ध करवाने की घोषणा करते हुए कहा कि जल्द ही निर्माण एवं सुधार कार्य शुरू किए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। मंत्री ने विद्यालय परिसर में हींग का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में पौधारोपण कर उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा निदेशक नरेश कुमारी, विद्यालय प्रधानाचार्य सिमरो भटनागर, मुख्य व्यवसायी नंदलाल बोहरा, ग्राम पंचायत औहर प्रधान देशराज, कोठी पंचायत की पूर्व प्रधान सुनीता धीमान सहित शिक्षकगण और अन्य लोग उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

