बारिश से उफना नाला, पदर बाजार की दुकानों में घुसा पानी

By: Jul 10th, 2026 12:51 am

पदर बाजार में बारिश का कहर; रातभर दहशत में रहे लोग, नाले में कूड़ा बना आफत, जलभराव से दुकानदारों को हुआ भारी नुकसान
स्टाफ रिपोर्टर-बनीखेत
कस्बे में बुधवार देर शाम हुई मूसलाधार बारिश के कारण पदर बाजार के बीचोंबीच गुजरने वाले नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया। नाले के उफान पर आने से पानी पदर बाजार की आठ दुकानों में घुस गया, जिससे दुकानदारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। नाले के रौद्र रूप को देखकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और कई लोगों ने पूरी रात जागकर बिताई। गुरुवार को घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार डलहौजी रमेश चौहान अपनी टीम के साथ पदर बाजार पहुंचे, प्रभावित दुकानों का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि नाले में लोगों द्वारा कूड़ा-कर्कट फेंके जाने के कारण पानी की निकासी बाधित हो रही है।

इसके अलावा, जल शक्ति विभाग द्वारा पदर क्षेत्र में चल रहे नाले के चैनलाइजेशन कार्य के चलते छोटे नालों का पानी वापस लौटने से जलभराव की स्थिति उत्पन्न हुई। निरीक्षण के बाद तहसीलदार ने नगर पंचायत के कनिष्ठ अभियंता को नाले से तत्काल कूड़ा-कर्कट हटाने के निर्देश दिए। इसके बाद दोपहर में नगर पंचायत ने जेसीबी मशीन की सहायता से नाले की सफाई का कार्य शुरू कर दिया। इस दौरान पदर बाजार के दुकानदारों ने तहसीलदार को बताया कि हर वर्ष बरसात के मौसम में उन्हें इसी समस्या का सामना करना पड़ता है, जिससे व्यापार प्रभावित होता है और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।

तहसीलदार और एसडीएम ने किया निरीक्षण
तहसीलदार रमेश चौहान ने दुकानदारों को आश्वस्त करते हुए कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए शुक्रवार को एसडीएम डलहौजी और जल शक्ति विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के बाद नाले में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App